इंग्लैंड दौरे से लौटी भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम से मिले अमित शाह, खिलाड़ियों के जज्बे को सराहा

इंग्लैंड दौरे से लौटी भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम से मिले अमित शाह, खिलाड़ियों के जज्बे को सराहा

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को भारतीय दिव्यांग पुरुष क्रिकेट टीम से नई दिल्ली में मुलाकात की। यह टीम ब्रिटेन में आयोजित ‘इंडिया-इंग्लैंड मेंस मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी20 सीरीज 2026’ में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद देश लौटी है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों से मिलकर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई। देश का गौरव बढ़ाने के प्रति उनका समर्पण और दृढ़ निश्चय भारत की युवा पीढ़ी को प्रेरित करता है। गृह मंत्री ने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई यह टी20 श्रृंखला काफी रोमांचक रही। इंग्लैंड ने पहले मुकाबले को 29 रन से जीता था, जिसके बाद भारत ने दूसरे मैच में 6 रन से नजदीकी जीत दर्ज कर बराबरी हासिल की। तीसरे मैच में भारत ने 8 रनों से बाजी मारकर 2-1 की बढ़त ली, लेकिन इंग्लैंड ने चौथा मैच 2 रन के मामूली अंतर से जीतकर श्रृंखला को 2-2 पर ला खड़ा किया।

इसके बाद इंग्लैंड ने लगातार दो मुकाबलों में क्रमशः 54 रन और 18 रन से जीत हासिल करते हुए श्रृंखला में 4-2 की निर्णायक बढ़त बना ली।

श्रृंखला का परिणाम तय हो जाने के बावजूद भारत ने 19 अगस्त को लॉर्ड्स के मैदान पर खेले गए सातवें मैच में ऐतिहासिक खेल दिखाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने अर्जुन गवरे के 68 रन और माजिद मगरे के 63 रनों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 206 रन बनाए।

जवाब में इंग्लैंड की टीम 13.4 ओवर में महज 88 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और भारत ने यह मुकाबला 118 रन के विशाल अंतर से अपने नाम कर लिया। मैच जीतने के उपरांत भारतीय टीम के सदस्यों ने लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी लहराकर अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *