मंदाकिनी में उफान से चित्रकूट में नुकसान, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का  निरीक्षण करेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव

मंदाकिनी में उफान से चित्रकूट में नुकसान, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव

सतना जिले के चित्रकूट में अतिवृष्टि और मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ से उत्पन्न हालात की समीक्षा करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को क्षेत्र का दौरा करेंगे।

चित्रकूट में बीते दिनों से जारी अत्यधिक बारिश के चलते मंदाकिनी नदी में जलस्तर बढ़ गया था। ताजा स्थिति के अनुसार नदी का पानी अब तेजी से घट रहा है, यद्यपि जलस्तर अभी भी 136 मीटर के अधिकतम बाढ़ स्तर के पास दर्ज किया जा रहा है।

राहत एवं बचाव कार्यों के तहत प्रशासन और एसडीआरएफ का संयुक्त दस्ता प्रभावित इलाकों में मुस्तैदी से काम कर रहा है। दुर्गम और जलमग्न क्षेत्रों में नागरिकों की सहायता के लिए सेना के हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है।

नदी के तेज प्रवाह के कारण आवागमन संरचना पर असर पड़ा है और रामघाट से हनुमान धारा पहुंच मार्ग पर बना पुराना पुल बाढ़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया है।

बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकाले गए लोगों के लिए चित्रकूट में कुल 6 आश्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां उनके आवास, भोजन और स्वास्थ्य संबंधी देखभाल के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *