वाहन चोरी के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस की राज्यव्यापी कार्रवाई, 124 वाहन जब्त कर अंतरराज्यीय गिरोहों का भंडाफोड़

वाहन चोरी के खिलाफ मध्य प्रदेश पुलिस की राज्यव्यापी कार्रवाई, 124 वाहन जब्त कर अंतरराज्यीय गिरोहों का भंडाफोड़

मध्य प्रदेश पुलिस ने अगस्त माह में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में अंतरराज्यीय और अंतरजिला स्तर के कई गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए कुल 124 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। आधुनिक जांच तकनीकों, सीसीटीवी कैमरों और पुख्ता सूचना तंत्र के आधार पर पुलिस टीमों ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से दर्जनों शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान विदिशा और इंदौर जिलों में पुलिस को उल्लेखनीय सफलता हाथ लगी। विदिशा जिले में कुल 26 दोपहिया वाहन बरामद किए गए, जिनमें मंडी बामोरा से पकड़े गए एक आदतन अपराधी से 18 लाख रुपये कीमत की 16 मोटरसाइकिलें, सिविल लाइन पुलिस द्वारा 3 आरोपियों से 10 मोटरसाइकिलें और गंजबासौदा शहर पुलिस द्वारा 2 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इंदौर जिले में कुल 21 वाहन जब्त किए गए, जिसमें तेजाजी नगर पुलिस ने 4 आरोपियों से 10 लाख रुपये की 11 गाड़ियां, राजेंद्र नगर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और कटर के साथ 2 चोरी की कारें, खजराना पुलिस ने 3 आरोपियों से 3 लाख रुपये से अधिक की 5 मोटरसाइकिलें, लसूडिया पुलिस ने 2 मोटरसाइकिलें और जीआरपी इंदौर ने स्टेशन से चोरी गई 1 स्कूटी बरामद की।

प्रदेश के अन्य प्रमुख जिलों में भी सिलसिलेवार बरामदगी दर्ज की गई। खरगोन पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 3 सदस्यों से 10 लाख रुपये की 17 मोटरसाइकिलें जब्त कीं। रतलाम के स्टेशन रोड थाने ने मध्य प्रदेश व राजस्थान से चुराई गई 10 मोटरसाइकिलें 2 आरोपियों से बरामद कीं। मंदसौर में 7 वाहन (कोतवाली से 6 और अफजलपुर से 1), उज्जैन के महाकाल क्षेत्र से 2 चोरों से 7 मोटरसाइकिलें, खंडवा में 5 वाहन (आशापुर चौकी से नकदी समेत 51,500 रुपये मूल्य की संपत्ति सहित), आगर मालवा में अस्पताल परिसर से चोरी 5 मोटरसाइकिलें व 2 चेसिस (3 आरोपी), शाजापुर के कालापीपल से 4 मोटरसाइकिलें (4 आरोपी) तथा राजगढ़ के खिलचीपुर से 2.80 लाख रुपये मूल्य की 4 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

भारी वाहनों और कारों की चोरी के मामलों में पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर घेराबंदी की। सागर की आगासौद पुलिस व मंडी बामौरा चौकी ने करीब 900 किलोमीटर तक पीछा करते हुए 1 डंपर और 1 ट्रैक्टर बरामद किया। भोपाल की अशोका गार्डन पुलिस ने 2 महिंद्रा स्कॉर्पियो, भिंड पुलिस ने 1 वैगन-आर तथा देवास की बैंक नोट प्रेस पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम्’ के माध्यम से 12 घंटे में चोरी का 1 ट्रक खोज निकाला। इसके साथ ही टीकमगढ़ में कुण्डेश्वर मंदिर पार्किंग से चोरी 3 मोटरसाइकिलें (2 आरोपी), कटनी में कुल 3 मोटरसाइकिलें, झाबुआ में 4 आरोपियों से 3 मोटरसाइकिलें व मोटर-केबल (कुल 4.35 लाख रुपये संपत्ति), दतिया के भाण्डेर से 1 मोटरसाइकिल (2 आरोपी), सीहोर के आष्टा से 1 मोटरसाइकिल तथा बैतूल के आमला से 2 आरोपियों से 1 मोटरसाइकिल बरामद की गई।

वाहनों की बरामदगी और आरोपियों तक पहुंचने में ई-रक्षक ऐप, जीपीएस मैपिंग, वैज्ञानिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण ने अहम भूमिका निभाई है, जिसके चलते पुलिस चोरी के बड़े नेटवर्क को भेदने में सफल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *