भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास ‘समतत्व भवन’ में गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सागर जिले के उदीयमान दृष्टिबाधित बुंदेली गायक सुनील लोधी ने औपचारिक भेंट की।
जन्म से ही दृष्टिहीनता की चुनौती का सामना कर रहे सुनील लोधी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म “हनुमान अंश” के लिए एक बुंदेली गीत गाया है, जिसने श्रोताओं के बीच अत्यंत कम समय में व्यापक लोकप्रियता हासिल की है। इस विशेष उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने युवा गायक को बधाई देते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की और शासन की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुनील लोधी और उनके माता-पिता का सम्मान किया। उन्होंने युवा गायक के प्रोत्साहन के लिए एक लाख रुपये की सम्मान निधि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने गायक की आंखों की रोशनी लौटाने की संभावनाओं को लेकर भी आवश्यक चिकित्सकीय सहयोग प्रदान करने की बात कही।
कला और संस्कृति के प्रोत्साहन पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के योग्य कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार निरंतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। चूंकि सुनील की रुचि बाल्यकाल से ही गायन में रही है, इसलिए उन्हें किसी संगीत विद्यालय से औपचारिक पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए भी सरकारी सहयोग दिया जाएगा। इसके अलावा, प्रदेश में छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के लिए ‘टैलेंट सर्च’ जैसे अभियान चलाए जाएंगे।
भेंट के दौरान गायक सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म “हनुमान अंश” का अपना चर्चित गीत “मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई” सुनाया। इसके बाद मुख्यमंत्री के अनुरोध पर उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पारंपरिक भजन “जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई” गाकर सुनाया।
इस अवसर पर सुनील लोधी के पिता महेंद्र सिंह लोधी, माता भाग बाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, ‘डिजिटल बुंदेली बौछार’ के सचिन चौधरी तथा गायक के मित्रगण उपस्थित रहे।