मध्यप्रदेश में वाहन चोरों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: 15 दिनों के अभियान में 54 वाहन बरामद, कई गिरोह बेनकाब

मध्यप्रदेश में वाहन चोरों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: 15 दिनों के अभियान में 54 वाहन बरामद, कई गिरोह बेनकाब

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा वाहन चोरी पर प्रभावी रोकथाम और चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बीते 15 दिनों में 54 वाहन बरामद किए गए हैं। राज्य के विभिन्न जिलों में की गई इस समन्वित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोपहिया वाहनों सहित ट्रैक्टर, पिकअप, कार और ट्रक जब्त कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नरसिंहपुर जिले के थाना स्टेशनगंज में पुलिस ने दो शातिर मोटरसाइकिल चोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिससे चोरी की 7 वारदातों का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये मूल्य की 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वहीं खरगोन जिले में धार और खरगोन क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर 5 लाख रुपये मूल्य की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। एक अन्य कार्रवाई में 2 आरोपियों से 1.50 लाख रुपये कीमत की 3 बाइकें जब्त की गईं, जिससे खरगोन में बरामद दोपहिया वाहनों की कुल संख्या 11 हो गई।

ग्वालियर जिले में पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 8 वाहन बरामद किए। पनिहार थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर से चोरी की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार तथा कम्पू थाना पुलिस ने एक आरोपी से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। इसके अलावा भितरवार थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी के दोपहिया वाहन खरीदने वाले 3 विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया, जिनकी निशानदेही पर 6 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

सीहोर जिले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 5 वाहन जब्त किए। आष्टा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 3.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी का ऑटो आरोपी सहित महज 1 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। भेरूंदा थाना पुलिस ने नसरुल्लागंज बस स्टैंड से चोरी हुई 1.57 लाख रुपये कीमत की हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि रेहटी थाना पुलिस ने चोरी की 3 वारदातों का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों से 1.05 लाख रुपये की 3 मोटरसाइकिलें जब्त कीं।

शिवपुरी जिले में अमोला थाना पुलिस ने 3 और फिजीकल थाना पुलिस ने 1 मोटरसाइकिल बरामद कर कुल 4 दोपहिया वाहन जब्त किए। इसके अतिरिक्त उज्जैन में 3 वाहन, विदिशा में 2 वाहन, सतना में 2 मोटरसाइकिल, गुना में 1 ट्रैक्टर, भिंड में 1 ट्रक, बुरहानपुर व कटनी में 1-1 पिकअप, मुरैना में 1 क्रेटा कार, हरदा में 1 मारुति वैगनआर कार तथा झाबुआ व छतरपुर में 1-1 मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वाहन चोरी पर लगाम लगाने के लिए मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। मामलों के त्वरित खुलासे और अपराधियों की धरपकड़ के लिए यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *