एशियाई खेल 2026: आइची-नागोया में भव्य ‘हाई-टेक’ उद्घाटन समारोह के साथ 20वें संस्करण का हुआ औपचारिक आगाज

एशियाई खेल 2026: आइची-नागोया में भव्य ‘हाई-टेक’ उद्घाटन समारोह के साथ 20वें संस्करण का हुआ औपचारिक आगाज

जापान के आइची-नागोया स्थित मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में शनिवार को एक आधुनिक और ‘हाई-टेक’ उद्घाटन समारोह के साथ 20वें एशियाई खेलों की आधिकारिक शुरुआत हो गई। लगभग दो घंटे तक चले इस शानदार आयोजन में जापान के सम्राट नारुहितो, महारानी मासाको, एशियाई खेलों के अध्यक्ष युवराज अकिशिनो, राजकुमारी किको तथा एशियाई ओलंपिक परिषद के प्रमुख शेख जोआन बिन हमद अल थानी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान आयोजित होने वाले पारंपरिक मार्च पास्ट में 501 सदस्यीय भारतीय दल का नेतृत्व पेरिस ओलंपिक 2024 की दोहरी पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत करेंगे। शॉटपुट एथलीट तजिंदरपाल सिंह तूर को समय रहते समारोह की आधिकारिक किट उपलब्ध न हो पाने के कारण सहरावत को ध्वजवाहक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उद्घाटन समारोह से पहले ही कुछ खेलों की प्रतिस्पर्धाएं शुरू हो चुकी हैं। इसमें महिला क्रिकेट प्रतियोगिता भी शामिल है, जहां हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम ने शुक्रवार को मेजबान जापान पर आठ विकेट से एकतरफा जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।

इसके अलावा, एशियाई खेलों के मंच पर पहली बार शामिल किए गए खेल टेगबॉल में भी भारत के लिए पदक की उम्मीद बनी हुई है। महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में पराजय के बाद भारतीय खिलाड़ी क्विम्सी डिसूजा अब कांस्य पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

भारतीय दल इस बार अपने पिछले ऐतिहासिक प्रदर्शन को दोहराने के लक्ष्य के साथ उतरा है। वर्ष 2023 में चीन के हांग्झोउ में आयोजित पिछले एशियाई खेलों में भारत ने 28 स्वर्ण पदकों सहित कुल 106 पदक जीतकर अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *