फ्रांस में फिर एक दिन में 12 हजार केस, कोलंबिया में दूसरी लहर की आशंका; दुनिया में 3.48 करोड़ केस

दुनिया में संक्रमितों का आंकड़ा 3.48 करोड़ से ज्यादा हो गया है। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 2 करोड़ 58 लाख 89 हजार 759 से ज्यादा हो चुकी है। मरने वालों का आंकड़ा 10.33 लाख के पार हो चुका है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। फ्रांस में तमाम कोशिशों के बावजूद संक्रमण की दूसरी लहर का खतरा कम नहीं हो रहा है। यहां शुक्रवार को फिर 12 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए।

फ्रांस: बेकाबू संक्रमण
फ्रांस में सरकार ने विरोध के बावजूद कई नए प्रतिबंध लगाए हैं। लेकिन, इनका असर अब तक देखने नहीं मिला है। कम से कम आंकड़े तो यही बताते हैं कि दूसरी लहर पर काबू पाने में कामयाबी नहीं मिली है। शुक्रवार को यहां कुल 12 हजार 148 मामले सामने आए। गुरुवार को 13 हजार 970 केस सामने आए थे। बीते दो हफ्ते में यहां कुल मिलाकर दो लाख से ज्यादा नए केस सामने आ चुके हैं। सरकार ने रविवार से राजधानी पेरिस के बार और रेस्टोरेंट्स बंद करने का फैसला किया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा फिलहाल नहीं की गई है। टूरिस्ट प्लेस को लेकर आज नई गाइडलाइन जारी की जा सकती है। कुछ बॉर्डर को सील किया जा सकता है।

कोलंबिया : राजधानी में खतरा ज्यादा
कोलंबिया की राजधानी बोगाटा में संक्रमण की दूसरी लहर का खतरा बाकी शहरों के मुकाबले ज्यादा घातक साबित हो सकता है। हालांकि, राजधानी की मेयर क्लाउडिया लोपेज मानती हैं कि प्रशासन ने इससे निपटने की तैयारी की है और इसलिए इस पर काबू पाने में कामयाबी हासिल होगी। क्लाउडिया ने कहा- हम मानते हैं कि दूसरी लहर नवंबर या दिसंबर या इसके पहले भी राजधानी को गिरफ्त में ले सकता है। लेकिन, हमने तैयारियां की हैं। उम्मीद है कि यह पहली लहर की तरह खतरनाक साबित नहीं होगी।

कोलंबिया में पांच महीने से लॉकडाउन है। हालांकि, प्रतिबंधों में काफी हद तक ढील दी जा चुकी है। सितंबर से कुछ रेस्टोरेंट्स भी खोले गए हैं। सरकार का कहना है कि छोटे शहरों और स्लम एरिया में संक्रमण का खतरा टला नहीं है।

स्पेन : मैड्रिड लॉकडाउन के लिए तैयार
स्पेन की राजधानी मैड्रिड में सरकार ने कुछ हॉटस्पॉट्स की पहचान की है। सरकार का कहना है कि यहां लॉकडाउन लगाए बिना संक्रमण रोकना आसान नहीं है। लेकिन, स्थानीय प्रशासन और लोग केंद्र के इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। परेशानी की बात यह है कि दो हफ्ते में यहां एक लाख 33 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं और सरकार की फिक्र का सबब भी यही आंकड़ा है। हेल्थ मिनिस्टर साल्वाडोर इले ने कहा- मैड्रिड की हेल्थ ही स्पेन की हेल्थ भी है। हमने नियमों की नई सूची तैयार कर ली है और इसे जल्द लागू करेंगे। मैड्रिड में 9 उपनगरीय इलाके हैं। यहां करीब 30 लाख लोग रहते हैं। फिलहाल, बाहर से आने वालों पर बैन लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *