मुश्किल में टीम इंडिया, 10 मिनट के अंदर 4 विकेट गंवाए

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला हेडिंग्ले के लीड्स में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 9 विकेट गंवाकर 70+ रन बना लिए हैं। फिलहाल इशांत शर्मा और मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं। जेम्स एंडरसन ने 3 और ओली रॉबिन्सन, सैम करन और क्रेग ओवरटन ने 2-2 विकेट झटके।

  • जेम्स एंडरसन ने भारत को शुरुआती 3 झटके दिए। उन्होंने लोकेश राहुल (0), चेतेश्वर पुजारा (1 रन) और विराट कोहली (7 रन) को पवेलियन भेजा।
  • एंडरसन ने तीनों को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। अजिंक्य रहाणे (18 रन) लंच से पहले आखिरी ओवर में आउट हो गए।
  • लंच के बाद रॉबिन्सन ने ऋषभ पंत को आउट किया। उन्होंने रहाणे और पंत दोनों को विकेटकीपर बटलर के हाथों कैच कराया।
  • क्रेग ओवरटन ने 37वें ओवर में लगातार 2 बॉल पर 2 विकेट लिए। उन्होंने पहले रोहित शर्मा को रॉबिन्सन के हाथों कैच कराया।
  • रोहित 105 बॉल पर 19 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ओवरटन ने अगले बॉल पर मोहम्मद शमी (0) को रोरी बर्न्स के हाथों कैच कराया।
  • 38वें ओवर में करन बॉलिंग के लिए आए। उन्होंने इस ओवर की दूसरी और तीसरी बॉल पर रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह को पवेलियन भेजा।
  • यानी 67 रन के कुल स्कोर पर भारत के 4 विकेट गिरे। जडेजा 4 रन और बुमराह शून्य पर आउट हुए। भारत के 3 बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए।

इंग्लिश कप्तान जो रूट फील्डिंग के दौरान कोहनी में चोट लगा बैठे। इसके बाद वे मैदान से बाहर चले गए। उनकी अनुपस्थिति में लंच तक जोस बटलर ने कमान संभाली। रूट की चोट गंभीर नहीं थी और वे लंच के बाद मैदान पर वापस लौट आए।

एंडरसन ने कोहली को 7वीं बार आउट किया। उन्होंने टेस्ट में कोहली को सबसे ज्यादा बार आउट करने के ऑस्ट्रेलिया के नाथन लायन के रिकॉर्ड की बराबरी की। लायन ने 33 पारियों में और एंडरसन ने 41 पारियों में यह मुकाम हासिल किया। इस सीरीज में दूसरी बार एंडरसन ने कोहली को पवेलियन भेजा।

विराट ने 5 टेस्ट के बाद टॉस जीता है। पिछला टॉस उन्होंने फरवरी 2021 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ ही जीता था। भारतीय कप्तान ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि इंग्लिश टीम के कप्तान जो रूट ने 2 बदलाव किए हैं। डोमिनिक सिबली और मार्क वुड की जगह डेविड मलान और क्रेग ओवरटन को टीम में जगह मिली है।

यह विराट की कप्तानी में 64 टेस्ट में सिर्फ चौथी बार है जब भारतीय टीम में लगातार 2 टेस्ट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पहले 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज और साउथैम्टन टेस्ट, 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉर्थ साउंड और किंग्सटन और 2019/20 में बांग्लादेश के खिलाफ इंदौर और कोलकाता टेस्ट में विराट ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया था।​​​​​​ विराट ने कभी 2 टेस्ट से ज्यादा उसी टीम के साथ नहीं उतरे हैं।

दोनों टीमें का लाइनअप

इंग्लैंड: जो रूट (कप्तान), हसीब हमीद, डेविड मलान, रोरी बर्न्स, मोइन अली, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, क्रेग ओवरटन, जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिन्सन।

भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, इशांत शर्मा, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *