कोंडागांव जिले के फरसगांव पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। कुछ दिनों पहले युवक नाबालिग को शादी का झांसा दे कर भगा कर तेलंगाना ले गया था। जहां नाबालिग के साथ कई दिनों तक दुष्कर्म करता रहा। वहीं नाबालिग के परिजनों की शिकायत के बाद फरसगांव पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे न्यायिक रिमांड में भी भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, फरसगांव का रहने वाला महेश उर्फ मोनू (25) ने इसी इलाके में रहने वाली एक नाबालिग को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। कुछ दिनों पहले रात के समय उसे उसके घर के सामने से भगा कर ले गया था। नाबालिग के परिजनों ने फरसगांव थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पुलिस इनकी तलाश में जुट गई थी।
वहीं युवक के करीबियों से पुलिस को पता चला कि, वह तेलंगाना में है। कोंडागांव पुलिस ने तेलंगाना की पुलिस से समन्वय स्थापित किया और युवक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नाबालिग का बयान दर्ज कर उसे परिजनों को सौंप दिया है। फरसगांव थाना प्रभारी हरिनंदन सिंह ने बताया कि, आरोपी युवक महेश के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए इसे जेल भेज दिया गया है।