बॉलीवुड के पॉपुलर डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और राइटर महेश भट्ट आज पूरे 73 साल के हो चुके हैं। महेश ने आशिकी, दिल है के मानता नहीं, सड़क, डुप्लीकेट, जख्म, संघर्ष, राज, कलयुग, गैंगस्टर, जहर, हमारी अधूरी कहानी जैसी बेहतरीन फिल्मों का निर्देशन किया है। कई हिट फिल्में देने वाले महेश अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी कंट्रोवर्शियल जिंदगी के चलते भी हमेशा सुर्खियों में रहे हैं। आज उनके जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते हैं कैसे हैं उनकी जिंदगी से जुड़े विवाद
कॉलेज के दिनों में महेश भट्ट अनाथालय में रहने वालीं लोरिएन को दिल दे बैठे थे। लोरिएन कैथोलिक थीं और मुंबई के अनाथालय में रहकर पढ़ती थीं। महेश उनसे मिलने अनाथालय की दीवार कूदकर जाया करते थे। लेकिन पकड़ाए जाने के बाद लोरिएन को वहां से निकाल दिया गया। महेश ने महज 20 साल की उम्र में ही लोरिएन से शादी कर ली और उन्हें किरण नाम दिया, हालांकि ये शादी महज 16 साल ही चल सकी। इस शादी से कपल को एक बेटी पूजा भट्ट और एक बेटा राहुल भट्ट है।
80 के दशक में स्टारडस्ट के एक मैग्जीन कवर ने खूब बवाल मचाया था जिसमें महेश भट्ट अपनी बेटी पूजा भट्ट को गोद में बैठाए लिप किस करते नजर आए थे। मैग्जीन रिलीज के बाद महेश काफी विवादों से घिर चुके थे। इसी मैग्जीन को दिए इंटरव्यू में महेश ने कहा था, अगर पूजा मेरी बेटी ना होती तो मैं उससे शादी कर लेता। महेश के इस स्टेटमेंट से कई लोग भड़क गए थे। विवाद बढ़ने के बाद फिल्ममेकर ने फोटो को फेक बताया था।
किरण भट्ट से शादी के बीच ही महेश की जिंदगी में परवीन बाबी की एंट्री हुई और दोनों लिव इन रिलेशन में रहने लगे। महेश भट्ट परवीन बाबी को बेहद पसंद करने लगे थे और हमेशा उनके साथ रहना चाहते थे, हालांकि एक्ट्रेस की बीमारी दोनों के रिश्ते के बीच आ गई। परवीन को मानसिक बीमारी थी, जिसका इलाज संभव नहीं था। एक्ट्रेस के लिए इलाज के लिए महेश उन्हें विदेश के नामी डॉक्टर्स के पास भी ले गए, लेकिन इससे भी कोई हल नहीं निकला।
डॉक्टर्स के अनुसार परवीन को वहम होने लगा था कि हर कोई उनकी जान का दुश्मन है। एक्ट्रेस ने अमिताभ बच्चन से जान का खतरा होने तक की बात कही थी। आखिरकार परेशान होकर महेश भट्ट, परवीन को छोड़कर अपनी पत्नी किरण के पास लौट आए, जिसके बाद उनका बेटा राहुल पैदा हुआ। परवीन बाबी ने दुनिया से किनारा कर लिया और अकेले रहने लगीं। आखिरी दिनों में परवीन इतनी अकेली थीं कि उनकी डेड बॉडी भी मौत के दो दिन बाद घर से मिली। एक्ट्रेस की मौत के बाद महेश भट्ट ही उनकी बॉडी क्लैम करने आगे आए थे।
सारांश फिल्म की शूटिंग के दौरान महेश भट्ट और सोनी की नजदीकियां बढ़ने लगीं। दोनों रिलेशन में आ गए। सोनी के पिता चाहते थे कि महेश शादी से पहले पहली पत्नी किरण को तलाक दे दें। महेश ने किरण को तलाक देने की बजाए इस्लाम कबूल कर सोनी से शादी कर ली। सोनी राजदान से उनकी दो बेटियां आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट हैं।