काशी में 35 मिनट बोले मोदी, किसानों-पशुपालकों पर रहा फोकस:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने करखियांव में 2100 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास-लोकार्पण किया। पीएम ने 35 मिनट यहां जनसभा को संबोधित किया। उनके निशाने पर विपक्ष रहा और फोकस किसानों और पशुपालकों पर रहा। विपक्ष पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे यहां गाय, गोबर-धन की बात करना कुछ लोगों ने गुनाह बना दिया है। गाय कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है। हमारे लिए गाय, माता है, पूजनीय है।

पीएम ने आगे कहा कि विकास से विपक्ष को कष्ट होता है। मैं जब काशी और उत्तर प्रदेश के विकास की बात करता हूं तो कुछ लोगों को कष्ट ज्यादा ही होता है। ये वे लोग हैं जिन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति को जाति, वर्ग और मजहब के नजरिए से ही देखा है।प्रधानमंत्री के वाराणसी आगमन को देखते हुए सपा, कांग्रेस और अन्य दलों के कई नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है। उन्होंने यहां बनास डेयरी का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा, एक लाख 70 हजार पशुपालकों के बैंक खाते में कुल 35 करोड़ 19 लाख रुपए बोनस ट्रांसफर किए। सबसे पहले उन्होंने भोजपुर में लोगों को अभिनंदन किया।

पीएम नरेंद्र मोदी महज 10 दिन बाद गुरुवार को वाराणसी पहुंचे हैं। वहीं, दिसंबर के 17 दिनों में यह UP का 6वां दौरा रहा है। दरअसल, चुनावी नजरिए से पूर्वांचल बेहद महत्वपूर्ण है। यहां कुल 26 जिले हैं और यहां विधानसभा की 156 सीटें हैं। अगर 2017 के विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो भाजपा ने 106 सीटों पर कब्जा किया था। सहयोगी दलों को मिलाया जाए तो यह आंकड़ा 128 सीटें भाजपा ने जीतीं।

वहीं, समाजवादी पार्टी (SP) को 18, बसपा को 12, अपना दल को 8, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) को 4, कांग्रेस को 4 और निषाद पार्टी को 1 सीट पर जीत मिली थी, जबकि 3 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। वहीं, पूर्वांचल के 26 जिलों में लोकसभा की 29 सीटें हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव पर नजर डालें तो भाजपा ने 22 सीटों पर कब्जा किया था। वहीं, सपा और बसपा गठबंधन के खेमे 6 सीटें, जबकि कांग्रेस के खाते में सिर्फ एक सीट आई थी।

वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि सपा सरकार में लखनऊ, कानपुर और बनारस में जो अमूल प्लांट लगाने का फैसला किया था। उस पर अमल करने में भाजपा ने पूरा कार्यकाल बिता दिया। यादव ने तंज कसते हुए कहा कि कैंचीजीवी भाजपा के लोग ये सच नहीं बता सकते। जबकि अमूल वाले सफेद सच बता देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *