कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे के बीच एक अच्छी खबर सामने आ रही है। अधिकृत सूत्रों के मुताबिक, ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने भारत बायोटेक की तरफ से तैयार की गई बच्चों की कोविड-19 वैक्सीन के आपातकालीन उपयोग की मंजूरी दे दी है। DCGI की मंजूरी के बाद भारत बायोटेक की वैक्सीन फिलहाल 12 से 18 साल तक के किशोरों को लगाई जा सकेगी। इससे कम उम्र के बच्चों के लिए इस वैक्सीन के उपयोग पर अभी निर्णय होना बाकी है।
मुंबई और दिल्ली में कोरोना की दूसरी लहर के बाद पहली बार संक्रमण में अचानक से वृद्धि दर्ज की गई है। मुंबई में शनिवार को एक बार फिर 757 नए मामले दर्ज किए गए। 24 जून के बाद मुंबई में यह संक्रमण का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले गुरुवार और शुक्रवार को भी यहां 600 से ज्यादा केसेस मिले हैं।
इधर, दिल्ली में भी कोरोना की दूसरी लहर के बाद नए केसेस में अचानक से बढ़ोतरी देखने को मिली है। शुक्रवार को यहां कोरोना के 249 नए मामले मिले हैं। पिछले 6 महीने के बाद यहां 38% का इजाफा हुआ है। शुक्रवार को भी यहां 180 केस सामने आए थे।
राजस्थान में ओमिक्रॉन के एक ही दिन में 21 केस मिले हैं। इनमें से 11 लोग जयपुर, 6 अजमेर, 3 उदयपुर और एक महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। अब तक राज्य में ओमिक्रॉन पॉजिटिव मरीज 22 थे, जो अब लगभग दोगुने यानी 43 हो गए हैं। राजस्थान अब ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या के हिसाब से देश में चौथे नंबर पर आ गया है।गुजरात में भी शनिवार को नए वैरिएंट के 6 नए मामले मिले हैं। राज्य में अब कुल ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या 49 हो गई है। महाराष्ट्र में भी दो नए ओमिक्रॉन केस मिले हैं। यहां कुल आंकड़ा बढ़कर 110 हो गया है। इनमें से 57 मरीज ठीक हो चुके हैं। इधर, केरल में भी शनिवार को एक और ओमिक्रॉन केस की पहचान हुई है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि नया मरीज कन्नूर का रहने वाला है। इस तरह राज्य में ओमिक्रॉन के अब कुल 38 केस हो चुके हैं। तेलंगाना में भी देर शाम 3 मरीजों की पहचान हुई है। इस तरह से देश में अब ओमिक्रॉन के कुल मामले बढ़कर 449 पर पहुंच गए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश के कई राज्यों ने ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए नाइट कर्फ्यू समेत कई पाबंदियां लागू की हैं। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि उनके राज्य में ऐसी किसी पाबंदी की जरूरत नहीं है। शनिवार को नीतीश कुमार से पूछा गया कि वे बिहार में प्रतिबंध कब से लगा रहे हैं तो उन्होंने जवाब दिया- यहां कोई आवश्यकता नहीं है।
बिहार ने 2020 में कोरोना की पहली लहर के दौरान कड़े प्रतिबंधों को लागू किया था। इस साल दूसरी लहर में भी पाबंदियां लगाई थीं। ओमिक्रॉन संक्रमण को रोकने के लिए महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, असम जैसे कई राज्यों ने नाइट कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लगाए हैं।
कर्नाटक के कोलार में एक मेडिकल कॉलेज में पिडले 4 दिन में 30 स्टूडेंट्स कोरोना संक्रमित मिले हैं। सभी के सैंपल ओमिक्रॉन जांच के लिए भेजे गए हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक, पिछले चार दिनों में श्री देवराज उर्स मेडिकल कॉलेज में 1160 स्टूडेंट्स की कोरोना जांच की गई थी। फिलहाल संक्रमित स्टूडेंट्स का इलाज चल रहा है और सभी की हालत स्थिर है। इनमें से किसी के विदेश यात्रा के रिकॉर्ड नहीं हैं। सभी के सैंपल जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेज दिए गए हैं।
देशभर में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों ने नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया है। अब असम भी इस लिस्ट में शामिल हो गया है। यहां कल से नाइट कर्फ्यू लागू होगा। असम सरकार ने रात 11.30 बजे से सुबह 6 बजे तक पूरे राज्य में कर्फ्यू लगाने का आदेश दिया है। हालांकि 31 दिसंबर को कर्फ्यू से छूट मिलेगी, ताकि लोग नए साल का जश्न मना सकें।ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ने मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए 48 घंटे पुरानी कोरोना निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दी है। अगर दर्शन करने आए भक्त के पास रिपोर्ट नहीं है तो फुल वैक्सीनेशन का सर्टिफिकेट दिखाना होगा। जिन भक्तों के पास न सर्टिफिकेट और न रिपोर्ट होगी, उन्हें पैदल या गाड़ी में बैठकर पर्वत की चढ़ाई नहीं करने दी जाएगी। ऐसे लोगों को पर्वत के चेकपॉइंट से ही वापस भेज दिया जाएगा।
कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट की पहचान करने वाली दक्षिण अफ्रीकी डॉक्टर एंजेलिक कोएत्जी ने कहा कि भारत में ओमिक्रॉन केस बढ़ेंगे। इस वजह से कोविड पॉजिटिविटी रेट में भी इजाफा होगा। लेकिन ज्यादातर लोगों में यह संक्रमण हल्का होगा, जैसा कि दक्षिण अफ्रीका में देखा जा रहा है। साउथ अफ्रीकन मेडिकल एसोसिएशन की प्रेसिडेंट डॉ. कोएत्जी ने कहा कि मौजूदा वैक्सीन निश्चित तौर पर ओमिक्रॉन के खिलाफ प्रभावी होगी लेकिन जिन लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है, उनमें संक्रमण का खतरा 100% है।UP के रायबरेली जिले में राज्य के तीसरे ओमिक्रॉन केस की पुष्टि हुई है। 15 दिसंबर को अमेरिका से रायबरेली लौटी युवती की रिपोर्ट ओमिक्रॉन पॉजिटिव आई है। इससे पहले 17 दिसंबर की शाम गाजियाबाद में बुजुर्ग दंपति ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिले थे।
तमिलनाडु सरकार ने विदेशों से राज्य में आने वाले सभी यात्रियों को 7 दिन के होम क्वारैंटाइन में जाने का आदेश दिया है। यह आदेश नॉन रिस्क कैटेगरी देशों से आने वाले यात्रियों पर भी लागू होगा। यात्रियों को यहां पहुंचने के 7 दिन बाद कोविड टेस्ट कराना होगा। अगर टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आती है तभी उन्हें क्वारैंटाइन से बाहर निकलने दिया जाएग।
पॉजिटिव आने पर उन्हें आइसोलेशन के लिए अस्पतालों में ले जाया जाएगा। नॉन रिस्क कैटेगरी वाले देशों से आने वाले यात्रियों के 10% हिस्से का टेस्ट करना जरूरी कर दिया है। पहले यह संख्या 2% थी।
दिल्ली में पिछले 2 दिनों के दौरान कोरोना गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वाले लोगों पर 1.5 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है। वहीं 163 लोगों पर FIR भी दर्ज की गई है। कोविड नियमों के उल्लंघन के 1,245 मामले पूर्वी दिल्ली और 1446 मामले उत्तरी दिल्ली में दर्ज किए गए। वहीं, मास्क न लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने और भीड़ जमा करने के 7778 मामले दर्ज किए गए।देश में ओमिक्रॉन के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 416 हो गई है। महाराष्ट्र (108) और दिल्ली (79) में अब तक ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक ओमिक्रॉन के 115 पेशेंट ठीक हो चुके हैं। वहीं पिछले 24 घंटें में देश में कोरोना के 7,189 नए मामले दर्ज किए गए और कोरोना से 387 लोगों की मौत हुई।
देश भर में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए हेल्थ एक्सपर्ट ने चेतावनी जारी की है। केरल की कोविड एक्सपर्ट कमेटी के सदस्य डॉ. टी.एस. अनीश ने बताया कि ओमिक्रॉन के ग्लोबल ट्रेंड्स देखने से पता चला है कि अगले दो- तीन हफ्ते में देश में ओमिक्रॉन केस की संख्या 1,000 तक पहुंच जाएगी। वहीं 2 महीने में यह आंकड़ा 10 लाख तक भी पहुंच सकता है।
डॉ. अनीश ने कहा कि भारत में इसे रोकने के लिए हमारे पास 1 महीने से भी कम समय बचा है। हमें ओमिक्रॉन संक्रमण को रोकने की जरूरत है।ब्रिटेन में कोरोना के रिकॉर्ड मामलों की पुष्टि हुई है। यहां शुक्रवार को 1,22,186 कोरोना केस मिले। ब्रिटेन में ओमिक्रॉन संक्रमण का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। 16 दिसंबर के आंकड़ों के मुताबिक लंदन में रहने वाले 20 में से 1 व्यक्ति कोरोना संक्रमित था। नए केस मिलने के बाद यब आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। गुरुवार को ब्रिटेन में 1,19,789 कोरोना केस मिले थे।
महाराष्ट्र में शुक्रवार को नए कोरोना वैरिएंट ओमिक्रॉन के 20 नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र 100 से ज्यादा ओमिक्रॉन मरीजों वाला देश का पहला राज्य बन गया है। शुक्रवार तक राज्य में कुल 108 ओमिक्रॉन मरीज हो गए।
महाराष्ट्र सरकार ने दुबई से मुंबई लौटने वाले सभी लोगों को 7 दिन के लिए होम क्वारैंटाइन करने का आदेश दिया है। इसके अलावा शुक्रवार रात से राज्य में कोरोना की पाबंदियां भी लागू कर दी गई। इसके तहत एक जगह 5 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक रहेगी।