जंग टालने की आखिरी कोशिश:शुक्रवार को रूस और अमेरिका के विदेश मंत्रियों की जिनेवा में मुलाकात

जंग टालने की आखिरी कोशिश:शुक्रवार को रूस और अमेरिका के विदेश मंत्रियों की जिनेवा में मुलाकात

यूक्रेन पर रूस का हमला टालने के लिए संभवत: आखिरी डिप्लोमैटिक कोशिश शुरू हो चुकी है। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन पहले यूक्रेन की राजधानी कीव जा रहे हैं। यहां से वे जिनेवा का रुख करेंगे। यहां उनका इंतजार रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव कर रहे होंगे। दोनों नेता यूक्रेन के मसले पर बातचीत करेंगे। इसके पहले ब्रिटेन ने यूक्रेन को एंटी टैंक वेपन्स दे दिए हैं। कनाडा ने अपनी एक पैराट्रूपर रेजीमेंट कीव भेज दी है। पश्चिचमी देश रूस को हर कीमत पर यूक्रेन पर हमला करने से रोकना चाहते हैं।

इस बीच, खबर है कि रूसी सैनिक अब बेलारूस भी पहुंच गए हैं। नाटो और अमेरिका को आशंका है कि इनका इस्तेमाल बेलारूस की जमीन से यूक्रेन पर हमले के लिए किया जाएगा। हालांकि, रूस ने इस मामले पर कुछ नहीं कहा है।

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रूस को यूक्रेन पर हमला करने से रोकने के लिए एक तरह से आखिरी डिप्लोमैटिक मिशन शुरू कर दिया है। ब्लिंकन यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंच चुके हैं। यहां वे प्रेसिडेंट वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे। इसके बाद गुरुवार को ब्लिंकन बर्लिन पहुंचेंगे। यहां वे जर्मन नेताओं से बातचीत करेंगे। इसके बाद शुक्रवार को ब्लिंकन जिनेवा में रूस के विदेश मंत्री लावरोव से मुलाकात करेंगे।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, ब्लिंकन का रूस को सीधा पैगाम होगा कि यूक्रेन पर किसी तरह से हमला न किया जाए और फौरन तनाव कम किया जाए। यह उसी सूरत में हो सकता है जब यूक्रेन के बॉर्डर से रूसी फौज बैरकों में वापस जाए।

ब्लिंकन के जिनेवा पहुंचने से पहले व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी जेन पास्की ने कहा- हमारे हिसाब से रूस किसी भी वक्त यूक्रेन पर हमला कर सकता है। अमेरिका इस मामले को डिप्लोमैटिक तरीके से सुलझाना चाहता है।

दूसरी तरफ, रूस के एक सीनियर डिप्लोमैट ने ब्लिंकन-लावरोव की प्रस्तावित बातचीत को लेकर पहले ही नाउम्मीदी का इजहार किया। उन्होंने कहा- अब किसी तरह के समझौते की गुंजाइश बची नहीं है। लेकिन, अगर अमेरिका बातचीत ही करना चाहता है तो हम एक मौका और दे सकते हैं।

इस बीच पुतिन सरकार ने अपने सैकड़ों सैनिक बेलारूस भेज दिए हैं। आशंका है कि रूस बजाए अपने बॉर्डर के, अब हमला बेलारूस के रास्ते कर सकता है। इससे निपटने के लिए यूक्रेन भी तैयारियां कर रहा है। एक अमेरिकी अफसर ने कहा- रूसी सैनिकों के बेलारूस पहुंचने की टाइमिंग बहुत अहम है। वो उत्तरी सीमा से हमले की साजिश रच रहा है। हालांकि, रूस ने कहा है कि उसी सेनाएं मिलिट्री एक्सरसाइज के लिए बेलारूस पहुंची हैं। इन सैनिकों की संख्या 13 हजार बताई गई है।

रूस की हरकतों पर अमेरिका और नाटो बहुत पैनी नजर रख रहे हैं। जवाबी तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। फिलहाल, अमेरिका के सहयोगी यूक्रेन की मदद कर रहे हैं। ब्रिटेन ने यूक्रेन की मदद के लिए अहम फैसला किया और इस पर अमल भी शुरू कर दिया। ब्रिटेन ने रूसी टैंकों के मुकाबले के लिए अपने एंटी टैंक वेपन्स यूक्रेन भेजना शुरू कर दिए हैं। दूसरी तरफ, कनाडा ने अपने सैनिकों की एक स्पेशल रेजीमेंट कीव भेज दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *