लता जी का सम्मान:श्रद्धांजलि के बाद राज्यसभा एक घंटे के लिए स्थगित

लता जी का सम्मान:श्रद्धांजलि के बाद राज्यसभा एक घंटे के लिए स्थगित

भारत रत्न लता मंगेशकर के सम्मान में सोमवार को राज्यसभा एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गई। सदन में सभापति एम वेंकैया नायडू ने शोक संदेश पढ़ा। शोक संदेश पढ़ने के बाद कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा को भी अध्यक्ष ओम बिरला के शोक संदेश पढ़ने के बाद एक घंटे के लिए स्थगित किया जाएगा।

लता मंगेशकर का रविवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 साल की थीं। मंगेशकर का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। लता मंगेशकर के आखिरी दर्शन और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिवाजी पार्क पहुंचे थे। केंद्र सरकार ने 6 व 7 फरवरी को राष्ट्रीय शोक भी घोषित किया है।

लता जी के निधन पर 2 दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा। यानी देशभर में झंडा आधा झुका रहेगा और किसी भी तरह के जश्न का कार्यक्रम नहीं होगा। महाराष्ट्र सरकार ने लताजी के सम्मान में सोमवार की सार्वजनिक छुट्‌टी और तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार को आधे दिन की छुट्टी घोषित कर दी है।

लता जी की कोरोना रिपोर्ट 8 जनवरी को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि इसके दो दिन बाद यानी 10 जनवरी को इस बारे में सबको पता चला। करीब पांच दिन पहले उनकी सेहत में सुधार होने लगा था। ऑक्सीजन निकाल दी गई थी, पर ICU में ही रखा गया। रविवार सुबह 8.12 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।

संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रपति अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लोकसभा में और मंगलवार को राज्यसभा में बहस का जवाब देंगे। यूपी के हापुड़ के पिलखुआ एरिया में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के काफिले पर हुए हमले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में जवाब देंगे। राज्यसभा में सुबह 11:10 बजे जबकि लोकसभा में शाम करीब 4:10 बजे गृह मंत्री अपना पक्ष रखेंगे।इस बार संसद का बजट सत्र दो चरण में चलेगा। पहला चरण 31 जनवरी से 11 फरवरी तक और दूसरा चरण 14 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा। संसदीय मामलों की केंद्रीय समिति ने इसकी सिफारिश की थी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के संबोधन के साथ दोनों सदनों की शुरुआत हुई है। 12 फरवरी से एक महीने की छुट्टी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *