शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी दिन भारी गिरावट रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 773 पॉइंट्स गिर कर 58,152 पर जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 231 अंक टूटकर 17,374 पर बंद हुआ।
IT कंपनियों के स्टॉक ज्यादा टूटे हैं। टेक महिंद्रा 3% से ज्यादा टूटा जबकि इंफोसिस और HCL टेक ढाई-ढाई पर्सेंट टूटे। SBI, कोटक बैंक, HDFC लिमिटेड का स्टॉक 2-2% से ज्यादा गिरकर बंद हुआ। सेंसेक्स ने 57,914 का निचला और 58,447 का ऊपरी स्तर बनाया।बाजार की गिरावट का प्रमुख कारण अमेरिका में महंगाई दर है, जो 40 साल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। यहां महंगाई की दर 7.5% पर पहुंच गई है। एक फरवरी 1982 को यह 7.6% पर थी। साथ ही अमेरिकी सेंट्रल बैंक मार्च से ब्याज दरों में बढ़ोत्तरी करेगा। तीसरी बात, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने नागरिकों से यूक्रेन को तुरंत छोड़ने को कहा है। इससे आशंका है कि रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई कभी भी हो सकती है।
अनुमान है कि अमेरिकी सेंट्रल बैंक दरों में आधा पर्सेंट की बढ़त कर सकता है। जुलाई तक रेट में एक पर्सेंट की बढ़त की उम्मीद है। विदेशी निवेशकों के पसंदीदा IT और फाइनेंशियल स्टॉक्स में बिकवाली ज्यादा है। ब्रोकरेज हाउस नोमुरा ने कहा है कि अमेरिकी सेंट्रल बैंक इस साल में 4-5 बार दरों को बढ़ा सकता है।बजाज फिनसर्व, कोटक बैंक, बजाज फाइनेंस, ICICI बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, और TCS के शेयर्स 1-1% से अधिक गिरे हैं। इनके अलावा हिंदुस्तान यूनिलीवर, डॉ. रेड्डी, एयरटेल, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स भी गिरावट में हैं।
सेंसेक्स के 228 शेयर अपर और 358 लोअर सर्किट में रहे। इसका मतलब यह हुआ कि एक दिन में इन शेयर्स की कीमत में एक तय सीमा से ज्यादा न तो बढ़त हो सकती है न गिरावट हो सकती है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 263.474 लाख करोड़ रुपए है। कल यह 267.65 लाख करोड़ रुपए था।उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 231 अंक गिर कर 17,374 पर बंद हुआ। यह 17,451 पर खुला था और 17,303 का निचला तथा 17,454 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके 50 शेयर्स में से 5 बढ़त में और 45 गिरावट में हैं। नेक्स्ट 50, मिडकैप, निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल इंडेक्स में गिरावट रही।
निफ्टी के गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में इंफोसिस, टेक महिंद्रा, ग्रासिम, HCL टेक और यूपीएल रहे। बढ़ने वालों में ONGC, इंडियन ऑयल, टाटा स्टील, भारत पेट्रोलियम और इंडसइंड बैंक रहे। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 460 अंक बढ़कर 58,926 पर बंद हुआ। निफ्टी 142 पॉइंट्स बढ़कर 17,605 पर बंद हुआ था।