प्रियंका गांधी आज पंजाब में:​​​​​​​धूरी में महिलाओं से मिलेंगी

प्रियंका गांधी आज पंजाब में:​​​​​​​धूरी में महिलाओं से मिलेंगी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी आज पंजाब दौरे पर रहेंगी। वह पहले धूरी जाएंगी। जहां उनकी महिलाओं से बातचीत होगी। इस दौरान वह यहां से कांग्रेस उम्मीदवार दलवीर गोल्डी के हक में प्रचार भी करेंगी। इसके बाद दोपहर बाद वह डेरा बस्सी जाएंगी। जहां कांग्रेस उम्मीदवार के हक में रोड शो होगा। इस दौरान पंजाब कांग्रेस चीफ नवजोत सिद्धू और CM चरणजीत चन्नी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

पंजाब चुनाव को लेकर प्रियंका गांधी का यह पहला दौरा है। राहुल गांधी इससे पहले 2 बार पंजाब आ चुके हैं। पहली बार में वह अमृतसर गए और फिर जालंधर से वर्चुअल रैली की। इसके बाद लुधियाना आकर चरणजीत चन्नी को CM चेहरा घोषित किया।

प्रियंका गांधी के धूरी आने की बड़ी वजह आम आदमी पार्टी है। AAP ने यहां से भगवंत मान को उतारा है। मान पंजाब में पार्टी का CM चेहरा है। दो दिन पहले ही दिल्ली के CM और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और बेटी हर्षिता केजरीवाल यहां मान के हक में प्रचार कर चुकी हैं। वह भी महिलाओं से ही बातचीत करके गई हैं। उससे मान के हक में बने माहौल को बिगाड़ने के लिए अब यहां प्रियंका की एंट्री हो रही है।

धूरी सीट पर मान के खिलाफ कांग्रेस के उम्मीदवार गोल्डी की स्थिति ज्यादा कमजोर नहीं है, लेकिन स्टार प्रचारक न आने से माहौल नहीं बन पा रहा था। प्रियंका के आने से लोगों में कांग्रेस के प्रति बड़ा संदेश जाएगा और यहां की लड़ाई और मुश्किल होगी।प्रियंका गांधी के आने से पहले पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने उनका शेड्यूल जारी किया। इसमें उन्होंने प्रियंका गांधी को यूथ आइकॉन, रोल मॉडल और क्वीन ऑफ हार्ट्स कहा। सिद्धू ने कहा कि पंजाब में प्रियंका का जोरदार स्वागत होगा। सिद्धू को राहुल गांधी ने झटका देते हुए CM चेहरा नहीं बनाया। हालांकि प्रियंका के जरिए वह कांग्रेस हाईकमान की गुडबुक में बने रहना चाहते हैं। इसके जरिए उनका लक्ष्य पंजाब कांग्रेस में दबदबे के साथ राजनीतिक भविष्य के लिए रास्ते खुले रखने की कोशिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *