यूक्रेन पर रूस के हमले के तीसरे दिन वहां फंसे 250 भारतीयों को लेकर एअर इंडिया की दूसरी फ्लाइट तड़के 3 बजे दिल्ली पहुंची है। इन छात्रों को पहले यूक्रेन से निकाल कर बुखारेस्ट भेजा गया था, जहां इन्हें भारत लाया गया। खुद नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन छात्रों की अगवानी की। इससे पहले 219 भारतीय छात्रों को लेकर एअर इंडिया का विमान AI-1943 आज रात 8 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा था। विमान ने दोपहर में रोमानिया के बुखारेस्ट से उड़ान भरी थी। इनके लिए मुंबई के एयरपोर्ट पर एक स्पेशल कॉरिडोर बनाया गया।
यहां से बाहर निकलने के लिए स्टूडेंट्स ने कोविड-19 टीकाकरण का प्रमाणपत्र या RT-PCR की निगेटिव रिपोर्ट दिखाई। एयरपोर्ट पर ही RT-PCR जांच की व्यवस्था भी की गई थी। उधर रोमानिया के बुखारेस्ट से ही एअर इंडिया के एक और विमान ने 250 स्टूडेंट्स के साथ रात 9.30 बजे नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी। यह रविवार सुबह करीब 8 बजे नई दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरेगा। इस बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत स्टूडेंट्स की वापसी का यह अभियान जारी रहेगा।इससे पहले, यूक्रेन से मुंबई पहुंचे भारतीय स्टूडेंट्स का केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने विमान में जाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा-‘ मातृभूमि में आप सबका स्वागत है। हर स्टूडेंट को वापस लाया जाएगा। एअर इंडिया की तरफ से आपका स्वागत है। बाद में एयरपोर्ट के लाऊंज में भी उन्होंने इन स्टूडेंट्स से बात की।पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आप सभी बच्चों की बहुत चिंता थी। दो- ढाई दिन से पीएम मोदी और विदेश मंत्री जयशंकर आप सभी की चिंता कर रहे हैं। दिन-रात फोन कर रहे हैं। पीएम ने रशियन और यूक्रेनियाई प्रेसिडेंट से बात भी की।
उन्होंने कहा-आप के पास वहां फंसे लोगों के नंबर होंगे और आप को उन्हें फोन कर कहना है कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। भारत सरकार सभी को सुरक्षित वापस लेकर आएगी। जब तक सारे भारतीय नागरिक वापस नहीं आ जाते, ये मिशन चलता रहेगा। गोयल के साथ मुंबई नार्थ सेंट्रल सीट से सांसद पूनम महाजन भी थीं।