हफ्ते के पहले दिन आज बाजार में जबरदस्त तेजी रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 935 पॉइंट्स (1.68%) बढ़कर 56,486 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 241 अंक (1.45%) बढ़त के साथ 16,871 पर बंद हुआ।बैंकिंग सेक्टर्स में अच्छा खासा जोश दिखा। इनके स्टॉक 2 से 3% तक बढ़े हैं। पेटीएम का स्टॉक 12% से ज्यादा टूटकर 680 रुपए पर बंद हुआ। यह उसका अब तक का सबसे निचला स्तर है। पिछले हफ्ते रिजर्व बैंक ने इसे नए ग्राहक जोड़ने पर पाबंदी लगा दी थी।उधर, चीनी सेक्टर की कंपनियों के शेयर्स में जबरदस्त तेजी दिखी। बलरामपुर, धामपुर के स्टॉक 5 से 19 % ऊपर रहे। द्वारिकेश का शेयर 4% तेजी में रहा। दरअसल, कमोडिटी सेक्टर अच्छा प्रदर्शन करने वाला है साथ ही चीनी का इस बार अच्छा निर्यात भी होने वाला है।
सेंसेक्स आज 64 पॉइंट्स ऊपर 55,614 पर खुला था। इसने 56,545 का ऊपरी और 55,556 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से 4 गिरावट में और 26 बढ़त में रहे। बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में HDFC बैंक और SBI के स्टॉक 3-3% से ज्यादा बढ़े। एक्सिस बैंक, ICICI बैंक, HDFC, मारुति और विप्रो में 2-2% से ज्यादा की तेजी रही।इसी तरह से कोटक बैंक, टाइटन लार्सन एंड टुब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ITC,HCL में एक पर्सेट से ज्यादा की बढ़त रही। टेक महिंद्रा, रिलायंस, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, एयरटेल, नेस्ले, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, पावरग्रिड, NTPC और अल्ट्राटेक के भी शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में डॉ. रेड्डी, टाटा स्टील, सनफार्मा और हिंदुस्तान यूनिलीवर रहे। सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों में से 1,750 के स्टॉक तेजी में और 1,723 गिरावट में रहे। 123 शेयर्स एक साल के ऊपरी और 30 निचले स्तर पर थे। 462 स्टॉक अपर सर्किट और 230 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनकी कीमतों में एक तय सीमा से ज्यादा की न तो गिरावट हो सकती है न तेजी आ सकती है।लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 254.26 लाख करोड़ रुपए है। शुक्रवार को यह 252.83 लाख करोड़ रुपए था। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 241 अंकों की तेजी के साथ 16,871 पर बंद हुआ। यह 16,663 पर खुला था और 16,606 का निचला तथा 16,887 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके चार प्रमुख इंडेक्स में से नेक्स्ट 50 में गिरावट रही, जबकि मिडकैप मामूली बढ़ा। बैंक और फाइनेंशियल बढ़त में 2-2% से ज्यादा तेजी रही।