यूक्रेन पर हमले का 19वां दिन

यूक्रेन पर हमले का 19वां दिन

रूस-यूक्रेन जंग को आज 19 दिन हो गए हैं। यूक्रेन का दावा है कि दक्षिणी शहर मारियुपोल पर रूसी बमबारी से अब तक 2,500 से ज्यादा मौतें हुई हैं। राष्ट्रपति जेलेंस्की के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने कहा कि, मारियुपोल में हमारी सेना को कामयाबी मिल रही है। हमने कल यहां पर रूसी सेना को हराकर अपने युद्ध बंदियों को आजाद करा लिया। इससे बौखला कर रूसी सेना शहर में तबाही मचा रही है।

दोनों देशों की वार-तकरार से यूरोप के देशों पर कोरोना का खतरा बढ़ गया है। अब तक 20 लाख से ज्यादा यूक्रेनी शरणार्थी यूरोपीय देशों में पहुंचे हैं। इनमें से ज्यादातर का वैक्सीनेशन नहीं हुआ। रविवार को WHO की तरफ से प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि यूक्रेन और आसपास के देशों में 3 से 9 मार्च के बीच कोरोना के कुल 791,021 नए मामले सामने आए और 8,012 नई मौतें दर्ज की गई।अब यूक्रेन के पश्चिमी इलाके में भी लड़ाई तेज हो गई है, जो अब तक ‘सेफ हैवन’ बना हुआ था। रूसी सेना ने रविवार को NATO के सदस्य देश पोलैंड के बॉर्डर से महज 12 मील दूर यावोरिव में एक मिलिट्री ट्रेनिंग बेस पर क्रूज मिसाइलें दागकर 35 लोगों को मार दिया, जबकि 134 घायल हैं। रूस ने हमले में 180 विदेशी लड़ाकों को मारने का दावा किया है।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन में अपनी लड़ाई तेज करने के लिए चीन से मिलिट्री इक्विपमेंट मांगे हैं। अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से अतिरिक्त आर्थिक सहयोग भी मांगा है, ताकि अमेरिका, यूरोप व एशियाई देशों की तरफ से लगाए प्रतिबंधों से अपनी इकोनॉमी को बचा सके।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, लीव शहर के करीब हमले का शिकार हुआ मिलिट्री बेस इंटरनेशनल पीस कीपिंग सेंटर था, जहां अमेरिकी सेना एक महीने पहले तक यूक्रेन के सैनिकों को ट्रेनिंग दे रही थी। रूस ने यहां 30 से ज्यादा क्रूज मिसाइल दागी हैं। यूक्रेन सरकार ने इसे आतंकी हमला बताया है और एक बार फिर NATO से यूक्रेन को नो फ्लाई जोन घोषित करने की मांग की है।

रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने भी हमले की पुष्टि की है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने 180 विदेशी लड़ाके मारे हैं, जो यूक्रेन की तरफ से लड़ने आए थे। रूसी सेना ने यह हमला अपनी उस चेतावनी के एक दिन बाद किया है, जिसमें उसने यूक्रेन को अमेरिका व अन्य देशों से मिलने वाले हथियारों को निशाना बनाने की बात कही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *