भिलाई नगर निगम क्षेत्र में अब मेट्रो सिटी की तर्ज पर यूनीपोल लगाए जाएंगे। इसके लिए निगम ने शहर में बेतरतीब तरीके से लगे होर्डिंग्स को हटाने की कार्रवाई की है। निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में अब इन होर्डिंग्स की जगह एक निश्चित साइज, ऊंचाई और ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए यूनीपोल लगाए जाएंगे।
नगर निगम ने भिलाई शहर में बेतरतीब लगे होर्डिंग्स को हटाने के लिए सभी विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस दिया था। नोटिस के बाद भी जब एजेंसियों ने ध्यान नहीं दिया तो निगम की अतिक्रमण दस्ता टीम ने खुद ही इन्हें हटाना शुरू कर दिया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि महापौर ने यह फैसला शहर की सुंदरता के मद्देनजर लिया है। शहर में लगे सभी अवैध होर्डिंग को हटाने के बाद इनकी जगह यूनीपोल लगाए जाएंगे। शनिवार को छुट्टी का दिन होने के बाद भी निगम की जीसीबी सभी अवैध होर्डिंग्स को हटाने के लिए लगी रही। सबसे पहले रायपुर से दुर्ग नेशनल हाईवे से लगे हुए और सर्विस रोड के पास के होर्डिंग को हटाया गया है। निगम की टीम ने अबतक लगभग 150 से अधिक होर्डिंग को हटा दिया है। लगभग इतने ही होर्डिंग्स और हटाए जाने हैं।निगम के मुताबिक शहर में जो भी होर्डिंग लगे हैं वो निश्चित साइज और ऊंचाई के नहीं है। साथ ही मनमाने तरीके से कहीं भी लगा दिए गए हैं। यह न सिर्फ दिखने में भद्दे लगते हैं, बल्कि एक समान साइज के न होने से शहर की सुंदरता को भी प्रभावित करते हैं। इसके लिए महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता में महापौर की परिषद ने यूनीपोल लगाने के कार्य पर मुहर लगाया है। बहुत जल्द इस पर कार्य शुरू हो जाएगा।
उपायुक्त सुनील अग्रहरि ने बताया कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी हो चुकी है। एक निश्चित साइज, ऊंचाई एवं ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए यूनीपोल लगाने के लिए जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा। यूनीपोल लगाने से पहले गलत तरीके से लगे होर्डिंग्स को हटाने का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद मेट्रो सिटी या विकसित शहरों की तर्ज पर यूनीपोल विज्ञापन के लिए लगाए जाएंगे।