IPL 2022 के 48वें मैच में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से हरा दिया। जीत के रथ पर सवार गुजरात की 10 मैचों में ये केवल दूसरी हार है। टीम की इस हार के सबसे बड़े मुजरिम ओपनर शुभमन गिल रहे।
गुजरात के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। मैच में गिल से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह 6 गेंदों में केवल 9 रन बनाकर आउट हो गए। गिल तीसरे ओवर की पहली गेंद पर रन आउट हुए। शुभमन ने ऑफ स्टंप के बाहर पहली गेंद को कवर की दिशा में खेला और सिंगल के लिए दौड़ पड़े, लेकिन कवर पर फील्डिंग कर रहे ऋषि धवन ने गेंद को पकड़ा और तेजी से थ्रो कर दिया।
गेंद डायरेक्ट थ्रो के साथ नॉन स्ट्राइक पर जा लगी और गिल रन आउट हुए। अपने विकेट के बाद वह गुस्से में भी नजर आए। दरअसल, शुभमन गिल का ऐसा मानना था कि गेंदबाज संदीप शर्मा उनके रास्ते में आ रहे थे।
टूर्नामेंट में गुजरात ते पहले ही मैच में गिल शून्य पर आउट हुए थे, लेकिन इसके बाद दूसरे और तीसरे मैच में उन्होंने लगातार 2 फिफ्टी लगाई। दिल्ली के खिलाफ गिल ने 46 गेंदों पर 84 रन बनाए, जबकि पंजाब के खिलाफ उनके बल्ले से 59 गेंदों पर 96 रन देखने को मिले।
इसके बाद मानो उनके बल्ले को जंग सी लग गई। लगातार 5 पारियों में फ्लॉप होने के बाद शुभमन ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के 31 रन जरूर बनाए, लेकिन उसमें भी उन्होंने 28 गेंदों का सामना किया। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ तो गोल्डन डक पर आउट हुए थे।IPL 2O22 में शुभमन गिल ने 10 पारियों में 26.90 की औसत से 269 रन बनाए हैं। उनके नाम सिर्फ 2 अर्धशतक दर्ज है। गुजरात टाइटन्स की टीम 10 में से 8 मैच जीत चुकी है और लगभग प्लेऑफ में टीम की जगह पक्की है। हार्दिक एंड कंपनी को अगर टूर्नामेंट जीतना है, तो गिल को जल्दी लय में लौटना होगा।