KKR ने मुंबई इंडियंस को 52 रन से हराया

KKR ने मुंबई इंडियंस को 52 रन से हराया

कोलकाता नाइट राइडर्स की IPL 2022 के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद कायम है। KKR ने सोमवार को खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 52 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 165 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह ने IPL में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10 रन देकर पांच विकेट लिए।

हालांकि, मुंबई के बल्लेबाजों ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। पूरी टीम 17.3 ओवर में 113 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए। अन्य कोई बल्लेबाज 20 रन भी नहीं बना पाया।

इस नतीजे के बाद KKR के 12 मैचों से 10 पॉइंट्स हो गए हैं और वह टेबल में सातवें नंबर पर पहुंच गई है। कोलकाता को प्ले-ऑफ में पहुंचने के लिए अपने आखिरी दोनों मैच जीतने होंगे, साथ ही नेट रन रेट के मामले में भी खुद को आगे रखना होगा। मुंबई की टीम पहले ही इस होड़ से बाहर हो चुकी है। टीम 11 मैचों में सिर्फ 2 जीत के साथ 4 अंक लेकर 10वें और आखिरी स्थान पर है।

मुंबई की टीम 14 ओवर में चार विकेट खोकर 100 रन बना चुकी थी और जीत की होड़ में मौजूद थी। लेकिन, ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस ने 15वें ओवर में तीन विकेट लेकर मुंबई को पूरी तरह से मुकाबले से बाहर कर दिया। कमिंस ने इस ओवर में सबसे पहले ईशान किशन का विकेट लिया। इसके बाद उन्होंने डेनियल सैम्स और मुरुगन अश्विन को पवेलियन चलता कर दिया।

किरोन पोलार्ड (15) ने कुछ संघर्ष करने की कोशिश की लेकिन उनकी खराब रनिंग बिटविन द विकेट के कारण मुंबई पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। मुंबई की पारी में पोलार्ड सहित तीन बल्लेबाज रन आउट हुए और तीन मौकों पर गलती पोलार्ड की ही थी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी रही। अय्यर और रहाणे ने पहले विकेट की साझेदारी में 60 रन जोड़े। यह इस सीजन में KKR की ओर से सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है। पिछला रिकॉर्ड 43 रन का था। वेंकटेश और रहाणे ने ही 26 मार्च को चेन्नई के खिलाफ पहले मैच में यह कारनामा किया था।कोलकाता नाइटराइडर्स ने 14 ओवर में तीन विकेट खोकर 136 रन बना लिए थे। तब लग रहा था की टीम 200 रन का आंकड़ा छू सकती है। लेकिन, इसके बाद बुमराह टीम पर कहर बनकर टूटे। उन्होंने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर आंद्रे रसेल और पांचवीं गेंद पर नीतीश राणा को पवेलियन की राह दिखा दी। 18वें ओवर में फिर गेंदबाजी के लिए आए बुमराह ने जैक्सन, कमिंस और नरेन के विकेट चटका दिए। बुमराह एक समय हैट्रिक पर थे, हालांकि वे इसे हासिल नहीं कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *