छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत शुक्रवार से बस्तर के कांकेर दौरे पर हैं। वो यहां सबसे पहले भानुप्रतापपुर विधानसभा के गितपहर पहुंचे। जहां उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इसके बाद सीएम ने मां अंगारमोती माता के मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। साथ ही मंदिर प्रांगण में नीम का पौधा भी लगाया है।
भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत बस्तर संभाग के दौरे का यह आखिरी चरण है। इस दौरे में सीएम 3 जून से 6 जून तक यही रहेंगे। गितपहर में सीएम का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। सीएम ने यहां 5.19 करोड़ की लागत से 83 देवगुड़ियों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया है। इसके अलावा कई घोषणाएं भी सीएम ने की हैं।
गितपहर में सीएम भूपेश बघेल ने की ये घोषणाएं
- गितपहर में मिनी स्टेडियम के निर्माण की घोषणा।
- चारामा में आदिवासी समाज के लिए सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा।
- जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा खोलने की घोषणा, स्थान जल्द ही कलेक्टर तय करेंगे।
- बासनवाही और बारगरी में उप स्वास्थ्य केंद्र की घोषणा.
- भानुप्रतापपुर विधानसभा के सभी देवगुड़ी और घोटुल के प्रस्ताव स्वीकृति की घोषणा हुई है।
गितपहर ने सीएम ने जल चौपाल भी लगाई। इस दौरान भारती ने अपनी समस्या सुनाई। भारती दोनों हाथों से दिव्यांग है। उन्होंने सीएम से मदद मांगी। इस पर सीएम ने कलेक्टर को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके बाद मुख्यमंत्री ने सभी दिव्यांगों के लिए कहा कि मैं सभी का मदद करूंगा। वहीं कार्यक्रम में नंद किशोर ने जमीन पट्टा नहीं मिलने की शिकायत सीएम से की, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को जल्द पट्टा देने के निर्देश दिए। किसान गिरधारी लाल ने बताया कि मुझे 2 एकड़ का वन अधिकार पट्टा मिला है, मैं खेती कर रहा हूं, जिसका मुझे अच्छा फायदा मिल रहा है।साल्हेटोला निवासी कमलेश पटेल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से निवेदन किया कि मेरा पांच एकड़ का चारागाह सुरक्षित घेरा हुआ है, लेकिन गौठान का घेरा नहीं हुआ है, करवा दीजिए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा आवश्यक कार्रवाई करेंगे। चारामा निवासी भूषण साहू ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि वह दूध का व्यवसाय करते हैं, क्षेत्र में दूध खरीदी केंद्र खोल दीजिए। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें समिति बनाकर व्यवसाय करने की बात कही और कहा कि समिति बनेगी तो दूध संग्रहण केंद्र बनेगा और फिर खरीदी हो सकती है। गीतपहर में भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान चित्रकार गौरव मरकाम ने अपने हाथों से बनाई हुई मुख्यमंत्री की तस्वीर भेंट की।