भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से पराजित कर एफआईएच महिला नेशंस कप 2025-26 की ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। इस महामुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और पूरे टूर्नामेंट में बिना कोई मैच गंवाए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस खिताबी जीत की बदौलत भारत ने अगले सीजन के एफआईएच हॉकी महिला प्रो लीग में सीधे प्रवेश पा लिया है। टीम की इस बड़ी उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने पूरी टीम और कोचिंग स्टाफ के लिए वित्तीय पुरस्कार का ऐलान किया है।
खिताबी भिड़ंत में भारत की तरफ से नवनीत कौर और सुनीलिता टोप्पो ने गोल किए। मैच के चौथे मिनट में नवनीत ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए पहला गोल दागा, जबकि 15वें मिनट में सुनीलिता ने टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद भारतीय डिफेंस ने मुस्तैदी दिखाते हुए न्यूजीलैंड को अंत तक कोई गोल नहीं करने दिया। फाइनल में निर्णायक भूमिका निभाने वाली लालरेम्सियामी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में कुल छह गोल करने वाली भारतीय फॉरवर्ड दीपिका शीर्ष स्कोरर रहीं, उन्होंने यह मुकाम अमेरिका की एशले सेसा के साथ संयुक्त रूप से हासिल किया।
यह भारतीय महिला हॉकी टीम का दूसरा नेशंस कप खिताब है। इससे पहले भारतीय टीम ने साल 2022 में खेले गए पहले टूर्नामेंट में भी देश का परचम लहराया था। इस सीजन में भारत का प्रदर्शन एकतरफा रहा। पूल-ए के शुरुआती मैचों में भारतीय टीम ने अमेरिका को 3-2, जापान को 2-1 और उरुग्वे को 3-2 से हराकर ग्रुप में टॉप किया था। इसके बाद सेमीफाइनल के नॉकआउट मुकाबले में टीम इंडिया ने चिली को 6-0 से करारी शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया था, जहां उन्होंने न्यूजीलैंड को उनके ही घर में मात दी।
रविवार को हुए मुकाबले के शुरुआती मिनटों में मेजबान न्यूजीलैंड ने गेंद को अपने पास रखकर आक्रामक शुरुआत करने की कोशिश की। लेकिन मेहमान भारतीय टीम ने पलटवार करते हुए चौथे ही मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया, जिसे नवनीत कौर ने एक दमदार स्ट्राइक के साथ गोल में तब्दील कर दिया। भारतीय टीम ने आक्रामक और रक्षात्मक खेल का बेहतरीन संतुलन दिखाया, जिससे न्यूजीलैंड के रक्षकों पर दबाव बढ़ता गया। पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में भारत को पांचवां पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जहां दीपिका के एक तेज तर्रार शॉट को सुनीलिता टोप्पो ने सही दिशा दिखाते हुए स्कोरलाइन को 2-0 कर दिया।
मैच के दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच रणनीतिक खेल देखने को मिला। न्यूजीलैंड ने अपनी खोई हुई लय हासिल करने और गोल के अंतर को कम करने के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के अनुशासित प्रदर्शन के आगे उनकी एक न चली। हाफ टाइम तक भारत ने 2-0 की मजबूत बढ़त बनाए रखी। तीसरे क्वार्टर में भी भारत का मजबूत डिफेंस दीवार बनकर खड़ा रहा। चौथे क्वार्टर के शुरुआती पलों में न्यूजीलैंड को मैच में वापसी का सबसे बड़ा मौका तब मिला जब उन्हें एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला। हालांकि, भारतीय दीवार सविता ने इस खतरे को कुशलता से टाल दिया। भारत ने अंतिम समय तक अपनी बढ़त को सुरक्षित रखा और 2-0 से खिताबी जीत सुनिश्चित की।
इस शानदार विजय के बाद हॉकी इंडिया ने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए देश को गौरवान्वित करने वाली इस टीम के लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा की। संस्था ने अपने संदेश में लिखा कि देश का मान बढ़ाने वाली इस टीम को सम्मानित करते हुए हॉकी इंडिया को बेहद गर्व हो रहा है। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपए तथा सपोर्ट स्टाफ के सभी सदस्यों को 1.5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।