रूस और यूक्रेन की जंग का आज 128वां दिन है। लगातार चार महीने से चल रही जंग का नतीजा निकलता नहीं दिख रहा है। इस बीच अमेरिका ने यूक्रेन को 82 करोड़ डॉलर के अतिरिक्त हथियार, इक्युपमेंट्स सप्लाई करने की घोषणा की है। इधर, दक्षिणी यूक्रेन के ओडेसा ओब्लास्ट में शुक्रवार को एक अपार्टमेंट और एक एंटरटेनमेंट सेंटर्स पर मिसाइल हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। जबकि 30 से ज्यादा घायल हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक अब तक तीन बच्चों समेत सात लोगों को रेस्क्यू किया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। ओडेसा के गवर्नर ने कहा कि यह पूरी तरह से रूस का आतंक है।यूक्रेन की सेना ने रूस पर स्नेक आइलैंड पर फॉस्फोरस बम दागने का आरोप लगाया। एक दिन पहले रूसी सैनिकों ने स्नेक आइलैंड छोड़ने का ऐलान किया था। हालांकि यूक्रेन ने दावा किया था कि यूक्रेनी सैनिकों के पलटवार के चलते रूसी सेना इस आईलैंड से भागने पर मजबूर हो गई। रूस और यूक्रेन के बीच ब्लैक सी में मौजूद स्नेक आईलैंड रणनीतिक लिहाज से काफी अहम है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन की मौजूदा स्थिति पर एक बार फिर भारत के रुख को स्पष्ट किया। PMO ने एक बयान में कहा- यूक्रेन में मौजूदा हालात को लेकर प्रधानमंत्री ने एक बार फिर भारत के डायलॉग और डिप्लोमैसी के रुख को दोहराया है। साथ ही नेताओं ने ग्लोबल और बाइलेट्रल मुद्दों पर लगातार बातचीत जारी रखने की बात कही। दोनों नेताओं ने 2021 में रूसी राष्ट्रपति भी भारत यात्रा के दौरान तय किए गए डेवलपमेंट प्रोगाम पर भी बात की।