पिछले कुछ दिनों से फिनलैंड की प्रधानमंत्री सना मरीन का पार्टी वीडियो चर्चा का मुद्दा बना हुआ है। कई लोग इसकी निंदा कर रहे हैं। इसी बीच अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने मरीन का समर्थन किया है।
क्लिंटन ने ट्विटर पर मरीन के सपोर्ट में अपनी एक फोटो शेयर की है। इसमें वे एक क्लब में डांस करते हुए नजर आ रही हैं। हिलेरी 2012 में विदेश मंत्री रहते हुए कोलंबिया के दौरे पर गई थीं। उसी समय की ये तस्वीर है। क्लिंटन ने फोटो के साथ लिखा- कीप डांसिंग सना मरीन। फिनलैंड की PM ने इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए हिलेरी को धन्यवाद दिया।
18 अगस्त को सना मरीन का एक वीडियो लीक हुआ था। इसमें वे शराब पीकर अपने दोस्तों के साथ डांस करती नजर आईं थी। लोगों ने इस वीडियो पर अलग-अलग तरह के रिएक्शन दिए थे। किसी ने इसे सामान्य बताया तो कुछ लोगों का कहना था कि सना फिनलैंड की PM बनने के लायक नहीं हैं।
दूसरी तरफ, फिनलैंड की हजारों महिलाएं सना के समर्थन में उतर आईं। इन महिलाओं ने एक ग्रुप बनाकर डांस वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। कहा- आखिर PM भी तो इंसान हैं, क्या उन्हें माइंड फ्रेश करने के लिए पार्टी और डांस करने का हक नहीं है? अगर ऐसा है तो ये गलत है।वीडियो वायरल होने के बाद फिनलैंड में विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री सना मरीन ने दोस्तों के साथ पार्टी में ड्रग्स ली। उनसे ड्रग टेस्ट की भी मांग की गई। इसके जवाब में सना ने कहा- मैं ड्रग्स टेस्ट करवाने के लिए तैयार हूं। पार्टी में मैंने गाना गाया और डांस भी किया। मैंने कभी ड्रग्स नहीं लिया है। 23 अगस्त को आई उनकी ड्रग रिपोर्ट निगेटिव रही।