नई लॉन्च हुई मुंबई सेंट्रल-गांधीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को फिर मवेशी से टकरा गई। दो दिनों में इस तरह की यह दूसरी घटना है। एक अधिकारी ने बताया कि गांधीनगर से जाते समय बड़ोदरा सेक्शन में आनंद स्टेशन के पास ट्रेन के आगे गाय आ गई, इससे ट्रेन के आगे के हिस्से में मामूली डेंट पड़ा है। हालांकि, 10 मिनट रूकने के बाद ट्रेन को फिर रवाना कर दिया गया।
इससे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन गुरुवार को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पास भैंसों के झुंड से टकरा गई थी। हादसे में चार भैंसों की मौत हो गई थी। इसमें वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन का फ्रंट का हिस्सा टूट गया था। यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। इसके बाद कुछ देर के लिए ट्रेन खड़ी रही। हालांकि, ट्रैक से भैंसों के शव हटाए जाने के करीब 8 मिनट ट्रेन को 11:27 बजे फिर रवाना किया गया। बता दें कि रेलवे सुरक्षा बल ने भैसों के मालिक पर FIR दर्ज की है।