छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पत्रकार रितेश पांडेय पर हुए जानलेवा हमला और लूट की वारदात करने वाले मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बस्तर जिला प्रत्रकार संघ ने सिटी कोतवाली के सामने धरना प्रदर्शन किया। पत्रकारों के इस धरना का भाजपा ने भी समर्थन किया है। इधर, पत्रकार पर जानलेवा हमला करने वाले संदिग्ध 4 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बस्तर जिला पत्रकार संघ के सचिव धर्मेंद्र महापात्र ने कहा कि, शहर की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। पत्रकार पर हमला हुआ, उनका मोबाइल और पैसा लूट लिया गया। आरोपियों को पकड़ने पुलिस नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि, गुरुवार को पत्रकारों ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया था। पुलिस को अल्टीमेटम दिया गया था कि शुक्रवार की दोपहर 12 बजे तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करे। लेकिन, अब तक एक भी आरोपी को नहीं पकड़ा गया है। इसीलिए आज धरना प्रदर्शन किया गया है।पत्रकारों के धरना प्रदर्शन के बाद बस्तर SP जितेंद्र सिंह मीणा ने पत्रकारों की बैठक ली। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि, इस मामले की पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। 4 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस मामले में खुलासा किया जाएगा। इधर, SP के आश्वासन के बाद पत्रकारों ने धरना प्रदर्शन खत्म किया है।