PM नरेंद्र मोदी ने रविवार को जम्मू-कश्मीर रोजगार मेले को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर के होनहार नौजवानों के लिए, हमारे बेटे-बेटियों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। आज जम्मू-कश्मीर में 20 अलग-अलग जगहों पर 3 हजार युवाओं को सरकार में काम करने के लिए नियुक्ति पत्र सौंपे गए। मैं सभी युवाओं को बहुत बधाई देता हूं।
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का ये दशक जम्मू-कश्मीर के इतिहास का सबसे अहम दशक है। अब समय पुरानी चुनौतियों को पीछे छोड़कर नई संभावनाओं का पूरा लाभ उठाने का है। खुशी है जम्मू-कश्मीर के नौजवान अपने प्रदेश के विकास के लिए, जम्मू-कश्मीर के लोगों के विकास के लिए बड़ी संख्या में सामने आ रहे हैं। 21वीं सदी का यह दशक जम्मू-कश्मीर के इतिहास का सबसे अहम दशक है।PM ने कहा- जम्मू-कश्मीर में जिस तरह इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो रहा है, कनेक्टिविटी बढ़ रही है, उसने टूरिज्म सेक्टर को भी मजबूत किया है। यहां के लोगों ने हमेशा पारदर्शिता पर बल दिया है। आज जो नौजवान सरकारी सेवाओं में आ रहे हैं, उन्हें पारदर्शिता को अपनी प्राथमिकता बनाना है। उन्होंने कहा- मैं पहले जब भी जम्मू-कश्मीर के लोगों से मिलता था, उनका एक दर्द हमेशा महसूस करता था। ये दर्द था। व्यवस्थाओं में भ्रष्टाचार, जम्मू-कश्मीर के लोग भ्रष्टाचार से नफरत करते हैं।