कतर में खेले जा रहे वर्ल्ड कप के दूसरे क्वार्टर फाइनल का भी फैसला शूटआउट में हुआ। लियोनल मेसी की टीम अर्जेंटीना ने नीदरलैंड को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हरा दिया। सेमीफाइनल में उसका मुकाबला क्रोएशिया से होगा। पहले क्वार्टर फाइनल में क्रोएशिया ने खिताब के दावेदार ब्राजील को पेनल्टी शूटआउट में हराया।
2014 के बाद यह पहला मौका है जब अर्जेंटीना की टीम वर्ल्ड कप के अंतिम 4 में पहुंचने में सफल रही है।इंजरी टाइम नीदरलैंड के लिए लकी रहा। 90 मिनट तक के खेल में मैच अर्जेंटीना के पक्ष में 2-1 से था। इंजरी टाइम के आखिरी मिनट (90+10वें मिनट) में बाउट बेघोर्स्ट ने दूसरा गोलकर अर्जेंटीना को चौंका दिया। उसके बाद मैच एक्सट्रा टाइम में गया। इसमें कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और स्कोर 2-2 की बराबरी पर रहा। जिसके बाद फैसला पेनाल्टी शूटआउट पर हुआ।