प्रिंस हैरी और मेगन मर्कल को इंग्लैंड के शाही परिवार की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक हैरी और मेगन को किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक में नहीं बुलाया जाएगा। शाही परिवार के विशेषज्ञ पत्रकार टॉम ब्राउर का कहना है कि अब यूनाइटेड किंगडम में प्रिंस हैरी का पहले जैसा स्वागत नहीं होगा।
दरअसल, नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ‘हैरी एंड मेगन’ डॉक्यूमेंट्री की वजह से शाही कपल को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉक्यूमेंट्री की कई बातों से किंग चार्ल्स और शाही परिवार खासे नाराज हैं। लेकिन किंग चार्ल्स कोई बयान देकर इस विवाद में नहीं फंसना चाहते हैं।मेघन और हैरी पर किताब लिख चुके ब्राउर का कहना है कि हैरी ने शाही परिवार से दूरी बना ली है और वे एक बाहरी बन गए हैं। किंग चार्ल्स से उनके रिश्ते भी खराब हुए हैं। पहले भी हैरी और मेगन की राजपरिवार से सुलह होने की कोई उम्मीद नहीं थी। लेकिन क्वीन एलिजाबेथ की मृत्यु के बाद कुछ लोगों का लगने लगा था कि रिश्ते सामान्य हो सकते हैं। लेकिन डॉक्यूमेंट्री के रिलीज होने के बाद ऐसा होना मुश्किल लग रहा है। हालांकि आलोचना झेलने के बाद शाही कपल ने सफाई दी है कि उन्होंने प्राइवेसी के मुद्दों की वजह से शाही परिवार नहीं छोड़ा था।