म्यूचुअल फंड पर निवेशकों का भरोसा बढ़ता जा रहा है। नवंबर में पहली बार म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) 40 लाख करोड़ रुपए से ऊपर निकल गया। दिलचस्प है कि बीते माह इक्विटी फंड्स में निवेश अक्टूबर के मुकाबले 76% घट गया। प्रॉफिट बुकिंग इसकी सबसे बड़ी वजह बताई जा रही है।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया (एम्फी) के मुताबिक, नवंबर में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का एयूएम 40.37 लाख करोड़ रुपए हो गया। अक्टूबर में यह 39.50 लाख करोड़ रुपए था। लेकिन इसी दौरान ओपन एंडेड इक्विटी फंड में निवेश करीब 76% घटकर 2,258 करोड़ रुपए रह गया। अक्टूबर में निवेशकों ने ऐसे फंड में 9,390 करोड़ रुपए लगाए थे। इक्विटी लिंक्ड सेविंग स्कीम्स (ईएलएसएस) जैसे क्लोज एंडेड फंड में बेहद मामूली निवेश होता है।