भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट 188 रनों से जीत लिया है। टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। जीत के हीरो चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव और अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा रहे। कुलदीप प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने 40 रन बनाने के साथ दोनों पारियों में 8 विकेट चटकाए। जबकि पुजारा ने पहली पारी में 90 और दूसरी पारी में नाबाद 102 रन बनाए।
इस जीत के बाद भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट टेबल के तीसरे नंबर पर आ गई थी। लेकिन आज ही ऑस्ट्रेलिया ने साउथ-अफ्रीका को टेस्ट मैच में हरा दिया। इससे भारत पॉइंट टेबल में दूसरे नंबर पर आ गया है। उसके नाम 57.77% अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया 76.92% पॉइंट्स के साथ पहले और साउथ अफ्रीका 54.54% पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर है। भारत ने 13 में से 7 मैच जीते हैं। जबकि 2 ड्रॉ रहे हैं। टीम को 4 मैचों में पराजय का मुंह देखना पड़ा है।
टीम इंडिया ने अपनी दूसरी पारी 258/2 पर घोषित की। भारत की ओर से 2 शतक आए। ओपनर शुभमन गिल ने 110 रन बनाए। जबकि चेतेश्वर पुजारा ने 102 रनों की नाबाद पारी खेली। विराट कोहली 19 रन बनाकर पुजारा के साथ नाबाद लौटे। पुजारा ने 51 पारियों और तीन साल 11 महीने बाद टेस्ट में शतक जमाया। जैसे ही पुजारा का 19वां शतक पूरा हुआ, कप्तान केएल राहुल ने पारी की घोषणा कर दी।
मैच की पहली पारी में बांग्लादेशी टीम 150 रन पर ऑलआउट हुई। कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट हासिल किए। उमेश यादव और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला।
टीम इंडिया को पहली पारी में 254 रनों की बढ़त मिली थी। यहां उसके पास मेजबानों को फॉलोऑन खिलाने का मौका था, लेकिन भारतीय कप्तान केएल राहुल ने बैटिंग करने का फैसला किया। भारत ने पहली पारी में 404 रन बनाए थे।