‘बीजेपी आरक्षण पर कर रही है राजनीति’:मुख्यमंत्री बोले- मैंने बाबा साहब आम्बेडकर की व्यवस्था लागू की

‘बीजेपी आरक्षण पर कर रही है राजनीति’:मुख्यमंत्री बोले- मैंने बाबा साहब आम्बेडकर की व्यवस्था लागू की

गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम में आरक्षण के मुद्दे पर नारेबाजी के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा, इस मामले में भाजपा राजनीति कर रही है। बाबा साहब आम्बेडकर को तो सब मानते हैं ना, उन्होंने जो व्यवस्था बनाई है वही मैंने लागू किया। अगर जनगणना में एक प्रतिशत ज्यादा आए, दो प्रतिशत आए या फिर 10 प्रतिशत आए मैं दूंगा। यह बात मैं विधानसभा में भी बोल चुका हूं।

सभा में नारेबाजी के सवाल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा के जो शीर्ष नेता हैं यहां छत्तीसगढ़ में वे मुख्यमंत्री को मुसवा, कुकुर, बिलई बोलते हैं, उसके बारे में कुछ बोलेंगे भारतीय जनता पार्टी के लोग। वहां आयोजक दु:खी हुआ कि मैंने आपको निमंत्रित किया और इस प्रकार से लोग नारेबाजी कर रहे हैं यह बहुत खराब लगा। उन्होंने खेद व्यक्त किया। जब मैं बोलने खड़ा हुआ तो चार-पांच लड़के खड़े हुए। मैंने उनको बुलाया भी कि आ जाओ यहां बात कर लेते हैं। दुनिया की कोई भी समस्या हो बातचीत से हल होती है। आपके पास कोई बात है तो आ जाओ बैठकर बात करते हैं। मैंने उन्हें मंच पर सादर आमंत्रित किया। वे नहीं माने तो क्या बोला मैं- मैं बोला कि शाम को जिस प्रकार से आवाज आती है उसी प्रकार की आवाज आ रही है। मैंने कहा कि आप हुल्लड़ करना चाहते हो, समस्या का हल नहीं चाहते।

मुख्यमंत्री ने कहा, अपनी बात अगर रखनी है तो भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में 50 से अधिक विधानसभा में मैं जा चुका हूं। सबके हाथ में माइक पहुंचता है। आरक्षण का सवाल कई बार उठाया गया। महासमुंद गया तो बहुत सारे एससी समाज के लोग सामाजिक रूप से मिलने आये तब या सार्वजनिक रूप से माइक में बात कही, मैंने भी अपनी बात रखी। बाबा साहब आम्बेडकर को तो सब मानते हैं ना, उन्होंने जो व्यवस्था बनाई है वही मैंने लागू किया। अगर जनगणना में एक प्रतिशत ज्यादा आए, दो प्रतिशत आए या फिर 10 प्रतिशत आए मैं दूंगा। यह बात मैं विधानसभा में भी बोल चुका हूं। यह सब कुछ भाजपा के इशारे पर हो रहा है। हमको पता है कि ऐसा क्यों कराया जा रहा है। भाजपा आरक्षण के विरोध में है। राजभवन को इन लोगों ने राजनीति का अड्‌डा बना रखा है। आदिवासियों को आरक्षण का लाभ मिलना था, नहीं मिल पा रहा है, पिछड़े वर्गों को नहीं मिल पा रहा है, 13% अनुसूचित जाति का बढ़ा दिया है उसको नहीं मिलने दे रहे हैं। EWS का 4% आरक्षण नहीं मिलने दे रहे हैं। दो तारीख से विधेयक पारित है आज 20 तारीख हो गया क्यों नहीं करने दे रहे हैं। आज हाईकोर्ट से भर्ती का आदेश आ गया, यह किसका नुकसान हो रहा है। यहां के छात्र-छात्राआें को, युवाओं को नुकसान हो रहा है। ये लोग इसे राजनीति का अखाड़ा बनाकर रखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *