छत्तीसगढ़ के लोगों को टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच मैच देखने को मिलेगा। 21 जनवरी को मुकाबला रायपुर के क्रिकेट स्टेडियम में होगा। इसके लिए टिकट और खाने-पीने की चीजों के दाम तय कर दिए गए हैं। 300 रुपए से टिकट के दाम शुरू होंगे।
2 साल तक के बच्चों को फ्री एंट्री मिलेगी। बच्चों के लिए बेबी फीडिंग रूम की व्यवस्था की जा रही है स्टेडियम में। ये प्रदेश में पहला इंटरनेशनल वन डे मैच होगा। पहली बार टीम इंडिया के मैच की मेजबानी रायपुर को मिली है। इस रिपोर्ट में जानिए मैच को आप कैसे देख पाएंगे, क्या बंदोबस्त किए गए हैं।
300 रुपए वाली स्टूडेंट्स टिकट के बाद 500, 1000, 1250 और 1500 दाम के टिकट होंगे। इसके बाद सिल्वर 5000, गोल्ड 6000 और 7500 के टिकट होंगे। कॉर्पोरेट बॉक्स के 10 हजार रुपए देने होंगे। टिकट ऑनलाइन पेटीएम के जरिए 12 जनवरी से मिलना शुरू हो जाएंगे। इसके अलावा क्रिकेट स्टेडियम के टिकट काउंटर से भी टिकट बेचे जाने की व्यवस्था की जा रही है।