WPL में दिल्ली की लगातार दूसरी जीत:यूपी वॉरियर्ज को 42 रन से हराया;

WPL में दिल्ली की लगातार दूसरी जीत:यूपी वॉरियर्ज को 42 रन से हराया;

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी दूसरी जीत दर्ज कर ली। टीम ने यूपी वॉरियर्ज को 42 रन के बड़े अंतर से हराया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 211 रन बनाए थे। जवाब में यूपी 20 ओवर खेलकर 5 विकेट पर 169 रन ही बना सकी। यूपी से मैक्ग्रा ने नाबाद 90 रन की पारी खेली।

दिल्ली से जेस जोनासेन ने 3 विकेट झटके, उन्होंने पहली पारी में 20 बॉल पर 42 रन की नाबाद पारी भी खेली थी। इस दोहरे प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। पहली पारी में दिल्ली की कप्तान मेग लेनिंग ने 70 रन बनाए थे।टूर्नामेंट में दिल्ली की यह दूसरी जीत है, टीम ने पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 60 रन से हराया था। दूसरी ओर यूपी वॉरियर्ज को लीग में पहली हार मिली है, टीम ने पहले मैच में गुजरात जायंट्स को 3 विकेट से हराया था। तब ग्रेस हैरिस ने 59 रन की नाबाद पारी खेल टीम को जीत दिलाई थी। अब ताहलिया मैक्ग्रा ने बड़ी पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकी।

212 रन के विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी यूपी वॉरियर्ज को एलिसा हीली ने तेज शुरुआत दिलाई। वह 24 रन बनाकर आउट हुईं। उनके आउट होते ही टीम ने 33 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए। श्वेता सेहरावत 1 और किरण 2 रन बनाकर आउट हुईं।

दीप्ति शर्मा ने ताहलिया मैक्ग्रा के साथ पारी आगे बढ़ाई। दीप्ति 12 रन बनाकर आउट हुईं। देविका वैद्य ने फिर 23 रन की पारी खेल यूपी को उम्मीद दी। देविका के आउट होते पर मैक्ग्रा ने अकेले टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी उठाई। लेकिन, 90 रन की नाबाद पारी भी टीम की जीत के लिए काफी नहीं थी। सिमरन शेख आखिर में 6 रन बनाकर नाबाद मैक्ग्रा के साथ नाबाद रहीं। दिल्ली से जोनासेन के अलावा मारियन कैप और शिखा पांडे को 1-1 विकेट मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *