रायपुर एम्स का पहला दीक्षांत समारोह मंगलवार को आयोजित किया गया। इस समारोह की मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री डॉ भारती प्रवीण पवार ने नए चिकित्सकों से सेवाभाव के साथ कर्तव्य निर्वहन का आह्वान किया। उन्होंने एम्स को उपचार के साथ शोध का भी उत्कृष्ट केंद्र बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की भी अपील की।
डॉ. भारती ने मंगलवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के प्रथम दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने एम्स के ऑडिटोरियम और नई डेंटल ओपीडी का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि देश में 2014 के बाद एमबीबीएस की सीट 95 प्रतिशत और पीजी की सीट 110 प्रतिशत बढ़ी। एम्स के प्रथम दीक्षांत समारोह में 850 छात्रों को चिकित्सा और नर्सिंग की डिग्री दी गई।एमबीबीएस और बीएससी (नर्सिंग) के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. भारती प्रवीण पवार ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के बाद इस नए मुकाम तक पहुंचने वाले सभी छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह छात्र जीवन का एक पड़ाव पूरा होने के बाद समाज में विशिष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले दूसरे पड़ाव की शुरुआत होती है। उन्होंने सभी स्नातक उपाधि पाने वाले छात्रों से सर्वसुलभ चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने का अनुरोध किया, जिससे गरीब को भी इलाज की सुविधा मिल सके।