भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। नीरज जहां दुनिया में भारत का परचम लहराते हुए वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के इतिहास में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं, पाकिस्तानी एथलीट अरशद नदीम को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा है। गोल्ड जीतने के बाद नीरज ने बताया कि इस फाइनल को कैसे देखा जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस फाइनल मुकाबले ने भारत बनाम पाकिस्तान का रुख ले लिया था।वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में नीरज चोपड़ा ने 88.17 मीटर तक भाला फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। वहीं, पाकिस्तान के अरशद नदीम 87.82 मीटर तक ही भाला फेंक सके और दूसरे स्थान पर रहे। बता दें कि नीरज चोपड़ा और अरशद नदीम अब तक जब भी एक साथ उतरे हैं, तब-तब नीरज शीर्ष पर रहे हैं।