प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (सोमवार को) रोजगार का बड़ा तोहफा दिया है। पीएम मोदी ने सोमवार को रोजगार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये नवनियुक्त कर्मियों को 51,000 से अधिक अपॉइंटमेंट लेटर बांटे। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आठवें रोजगार मेला का आयोजन किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि इस दशक में भारत दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं जब यह गारंटी देता हूं तो पूरी जिम्मेदारी से निभाता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि रोजगार देना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।आठवें ‘रोजगार मेला’ को वर्चुअली संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के इस अमृतकाल में आज जिन युवाओं को नियुक्ति पत्र मिल रहा है। वे सभी देश की सेवा के साथ-साथ देश के नागरिकों की रक्षा भी करेंगे। इसलिए एक तरह से आप इस अमृतकाल के जन और अमृतरक्षक भी हैं।