मौसम में तेजी से बदलाव जारी है। हिमालयन क्षेत्र में बर्फबारी हो रही है तो गंगा के मैदानी इलाकों में कोहरे ने दस्तक दे दी है। सर्दी की आहट भी अब शुरू हो गई है। दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र बारिश का दौर अभी भी बना हुआ है। दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में मंगलवार को कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। सुबह साढ़े पांच बजे से इसका प्रभाव जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि 15 नवंबर को इसके पश्चिम उत्तर की तरफ बढ़ने की संभावना है। इसके कारण मध्य पश्चिम बंगाल, आंध्रप्रदेश के तटीय क्षेत्र और ओडिशा में 17 नवंबर तक झमाझम बारिश होने की संभावना है।आज तटीय तमिलनाडु, ओडिशा, पुडुचेरी और कराईकल के डेल्टा में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। आमजन से आग्रह है कि जल भराव, कच्चे रास्तों तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा मौसम संबंधित नियमों का पालन कर सुरक्षित रहें।