इनकम टैक्स की रेड कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू से जुड़े ठिकानों पर अभी भी चल रही है। इस रेड में अब तक लगभग 300 करोड़ नकदी मिल चुकी है। ये छापेमारी आयकर विभाग की टीमें झारखंड, बंगाल और ओडिशा में कांग्रेस नेता से जुड़े ठिकानों और उनके करीबियों पर कर रही है। 6 दिसंबर से शुरू हुई छापेमारी आज 9 दिसंबर को भी जारी है। कैश का अंबार देख इनकम टैक्स वाले हैरान रह गए। जब नोट से भरे आलमारी का वीडियो सामने आया तो सबलोग हैरान रह गए। नोटों की गिनती के लिए बड़ी-बड़ी मशीने इस्तेमाल की जा रही हैं। कुछ मशीनें तो लगातार काम में आने के कारण खराब भी हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग की टीम फ़िलहाल बौद्ध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड से जुडे़ ठिकानों पर ये छापेमारी कर रही है। बौद्ध डिस्टिलरी धीरज साहू के एक करीबी की कंपनी है। धीरज साहू का परिवार भी शराब व्यवसाय से जुड़ा है। पड़ोसी राज्य ओडिशा में धीरज साहू की शराब बनाने की कई फैक्ट्रियां हैं।