कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में ट्रेनी महिला डॉक्टर से रेप और मर्डर मामले में सीबीआई की टीम गुरुवार को पीड़िता के घर पहुंची। टीम ने परिवार वालों का बयान रिकॉर्ड किया। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी की जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को दी गई है। गुरुवार को सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम पीड़िता के घर गई। सीबीआई ने पीड़िता के माता-पिता से पूछताछ की। पूछताछ के बाद जांच टीम बाहर आ गई।बता दें कि पिछले दिनों कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल की महिला डॉक्टर रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई। वह अस्पताल में स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा थी और हाउस स्टाफ के रूप में भी काम कर रही थी। अस्पताल के कर्मचारियों ने दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल की आपातकालीन बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर उनका शव देखा था।