पवित्र संगम में 1.5 करोड़ से ज़्यादा लोगों के डुबकी लगाने के एक दिन बाद, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मकर संक्रांति के अवसर पर मंगलवार, 14 जनवरी को महाकुंभ मेला 2025 के पहले ‘अमृत स्नान’ में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की उम्मीद है। संगम पर पवित्र स्नान के लिए सुबह-सुबह साधु-संत और नागा साधु पहुंच गए। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर महाकुंभ 2025 का पहला अमृत स्नान तब शुरू हुआ जब महानिर्वाणी पंचायती अखाड़े के साधुओं ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई।महाकुंभ का पहला अमृत स्नान कई मायनों में खास है। यह पहले बड़े स्नान के एक दिन बाद हो रहा है, जो सोमवार को पौष पूर्णिमा के अवसर पर संगम क्षेत्र में हुआ था। पहला अमृत स्नान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें अखाड़े हिस्सा लेंगे।अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने बताया कि मकर संक्राति एक हिंदू त्योहार है जो सूर्य के दक्षिणी गोलार्ध से उत्तरी गोलार्ध में संक्रमण का प्रतीक है। दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समागम महाकुंभ 2025 प्रयागराज में आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है, जो 45 दिनों तक चलने वाले भव्य आध्यात्मिक आयोजन की शुरुआत है। महाकुंभ 2025 का आयोजन 10,000 एकड़ के विशाल क्षेत्र में किया जा रहा है।