मणिपुर में पिछले करीब एक साल से जारी राजनीतिक अनिश्चितता का आज अंत हो गया। भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। बुधवार शाम इम्फाल के लोकभवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। खेमचंद मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।
सरकार में जातीय संतुलन साधते हुए दो उपमुख्यमंत्री भी बनाए गए हैं। नगा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के विधायक लोधी दिखो (नगा समुदाय) ने डिप्टी सीएम की शपथ ली। वहीं, भाजपा की नेमचा किपगेन ने राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बनकर इतिहास रच दिया। कुकी समुदाय से आने वाली नेमचा ने दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शपथ ली।
ज्ञात हो कि राज्य में 13 फरवरी 2025 से राष्ट्रपति शासन लागू था, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज ही हटाया है। पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने जातीय हिंसा के चलते 9 फरवरी 2025 को इस्तीफा दिया था।