भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के स्वास्थ्य संकेतकों में आए सकारात्मक सुधारों पर प्रसन्नता व्यक्त की है। सरकार के समन्वित प्रयासों का परिणाम है कि प्रदेश में मातृ मृत्यु दर (MMR) 173 से घटकर 142 और शिशु मृत्यु दर (IMR) 41 से घटकर 37 पर आ गई है। जननी सुरक्षा और प्रसूति सहायता योजनाओं के माध्यम से लाखों महिलाओं को सीधा आर्थिक लाभ पहुँचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना की सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश में 4.43 करोड़ कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। आपात स्थिति के लिए शुरू की गई ‘पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा’ अब तक 120 से अधिक जिंदगियां बचा चुकी है। इसके अलावा, सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करने वालों के लिए ‘राह-वीर योजना’ के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और दूरस्थ क्षेत्रों के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट जैसी पहल से स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाया गया है।