भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए बताया कि प्रदेश में गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन की प्रक्रिया 7 फरवरी से शुरू हो चुकी है, जो 7 मार्च तक चलेगी। किसानों की सुविधा के लिए राज्य भर में 3186 पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपए अधिक तय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने धान उपार्जन के आंकड़ों को साझा करते हुए बताया कि इस बार धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपए रखा गया है। प्रदेश में कुल 51 लाख 74 हजार मीट्रिक टन धान का उत्पादन हुआ है, जिसमें 8 लाख 59 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया। सरकार ने आश्वस्त किया है कि गेहूं की बंपर पैदावार की संभावना को देखते हुए भंडारण की पुख्ता व्यवस्था कर ली गई है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मंत्रियों को अपने क्षेत्रों में रोजगारपरक टेक्सटाइल यूनिटों (वस्त्र उद्योग) की स्थापना की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं।