नई दिल्ली: पटियाला हाउस कोर्ट ने शनिवार को दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट (AI Summit) के दौरान ‘अर्धनग्न’ प्रदर्शन करने के आरोपी इंडियन यूथ कांग्रेस के चार नेताओं को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अदालत ने आरोपियों की जमानत याचिका को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस रिमांड आवश्यक है।
अदालत में पुलिस की दलीलें: दिल्ली पुलिस ने अदालत के समक्ष दावा किया कि यह प्रदर्शन महज एक विरोध नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि धूमिल करने की एक सोची-समझी साजिश हो सकती है। पुलिस ने इस घटना की तुलना नेपाल में हुए इसी तरह के एक विरोध प्रदर्शन से की। सरकारी वकील ने आरोप लगाया कि विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में देश विरोधी नारे लगाए गए और प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक संदेश वाली टी-शर्ट्स लहराई गईं, जिन्हें विशेष योजना के तहत तैयार करवाया गया था।