प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर इजरायल पहुंच चुके हैं। बेन गुरियन हवाई अड्डे पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विमान से उतरते ही दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया।
इस दौरान एक दिलचस्प वाकया तब हुआ जब सारा नेतन्याहू के भगवा सूट और पीएम मोदी के पॉकेट स्क्वायर के बीच समानता दिखी। पीएम नेतन्याहू ने मुस्कुराते हुए इस ओर इशारा किया कि दोनों के परिधान मैच कर रहे हैं, जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाकर हंस पड़े।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर मोदी को एक महान नेता और अपना प्रिय मित्र बताया। अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी इजरायली संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करेंगे। ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इसके अतिरिक्त, वे भारतीय समुदाय के कार्यक्रम और एक टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी में भी भाग लेंगे। इजरायली अखबार ‘द यरूशलम पोस्ट’ ने भी प्रधानमंत्री के सम्मान में अपने फ्रंट पेज पर हिंदी में ‘नमस्ते’ और हिब्रू में ‘शालोम’ लिखकर उनका अभिनंदन किया।