नई दिल्ली: भारतीय सिनेमा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लक्ष्मीप्रिया देवी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘बूंग’ ने बाफ्टा (BAFTA) फिल्म अवार्ड्स 2026 में ‘सर्वश्रेष्ठ चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म’ का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय तथा राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी है।
यह जीत न केवल फिल्म की सफलता है, बल्कि भारत की विविध और अर्थपूर्ण कहानियों की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण भी है। ‘बूंग’ का यह सफर भारत के फिल्म विकास और महोत्सव इकोसिस्टम की मजबूती को दर्शाता है। गौरतलब है कि इस फिल्म को 2023 के ‘फिल्म बाजार’ में ‘वर्क इन प्रोग्रेस लैब’ के तहत तैयार किया गया था। इसके बाद, 2024 में 55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में इसे ‘सर्वश्रेष्ठ डेब्यू डायरेक्टर’ श्रेणी के लिए चुना गया था, जहाँ इसे समीक्षकों की भारी सराहना मिली।