नई दिल्ली: भारत की समुद्री सीमाओं को और अधिक अभेद्य बनाने की दिशा में रक्षा मंत्रालय ने एक बड़ा कदम उठाया है। 3 मार्च 2026 को नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में 5,083 करोड़ रुपये के दो महत्वपूर्ण रक्षा समझौतों पर मुहर लगी।
इसके तहत भारतीय तटरक्षक बल (ICG) को 6 उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (ALH) MK-III मिलेंगे, जिसके लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के साथ 2,901 करोड़ रुपये का अनुबंध हुआ है। ये स्वदेशी हेलीकॉप्टर अत्याधुनिक सेंसर और दोहरे इंजन से लैस हैं, जो समुद्र में जहाजों और तटवर्ती अड्डों से कठिन मिशनों को अंजाम दे सकेंगे। साथ ही, भारतीय नौसेना की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने के लिए रूस की कंपनी रोसोबोरोनएक्सपोर्ट के साथ 2,182 करोड़ रुपये का समझौता किया गया है। इसके तहत युद्धपोतों के लिए ‘वर्टिकल लॉन्च सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें’ (SHTIL) खरीदी जाएंगी, जो दुश्मन के हवाई हमलों को पलक झपकते ही नाकाम करने में सक्षम होंगी।